Begin typing your search above and press return to search.

CG assembly elections 2023: 14 महिलाओं को टिकिट: केंद्रीय मंत्री सहित 4 सांसदों को भाजपा ने उतारा रण में, देखिए किन्हें मिली टिकिट

CG assembly elections 2023: 14 महिलाओं को टिकिट: केंद्रीय मंत्री सहित 4 सांसदों को भाजपा ने उतारा रण में, देखिए किन्हें मिली टिकिट
X
By Sandeep Kumar Kadukar

CG assembly elections 2023 रायपुर। छत्तीसगढ़ समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के कुछ घंटे के भीतर ही भाजपा ने अपने प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट भी जारी कर दी। दूसरी सूची में भाजपा ने अपने तीन सांसदों को भी मैदान में उतार दिया है, जिनमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव को लोरमी से, गोमती साय को पत्थलगांव से और जनजातीय कार्य मंत्री रेणुका सिंह को भरतपुर सोनहत सीट से मैदान में उतारा गया है। दूसरी सूची में 11 विधायकों को फिर से चुनाव लड़ने का मौका मिला है। जिनमें भाजपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री और सात बार के विधायक बृजमोहन अग्रवाल को रायपुर दक्षिण और तीन बार के कैबिनेट मंत्री अजय चंद्राकर कुरुद से चुनाव मैदान में होंगे। इस सूची में तीन सांसदों के साथ दो पूर्व आईएएस भी शामिल हैं। दूसरी सूची में भाजपा ने 19 अनुसूचित जनजाति और नौ अनुसूचित जाति पर भी भरोसा जताया है। भाजपा की प्रत्याशियों की सूची में सबसे खास है महिलाओं की संख्या। पार्टी ने 9 महिलाओं को टिकट दी है।

इससे पहले जारी हुई 21 प्रत्याशियों की सूची में 5 महिला उम्मीदवारों के नाम थे। इस तरह 85 सीटों में कुल 14 महिला उम्मीदवारों को मैदान में उताराने का फैसला किया गया है। 14 प्रत्याशियों में इकलौती रंजना साहू ही धमतरी से विधायक हैं। जबकि गोमती साय और रेणुका सिंह सांसद हैं। जिन महिलाओं को पार्टी ने टिकट दिया है उनमें 6 अनुसूचित जनजाति की, एक अनुसूचित जाति की और एक अन्य पिछड़ा वर्ग समाज की है। आज जारी हुई सूची में रेणुका सिंह, भरतपुर-सोनहत, गोमती साय, पत्थलगांव, रंजना साहू, धमतरी, सुनीति सत्यानंद राठिया, लैलूंगा, उघेश्वरी पैकरा, सामरी, शिवकुमारी चौहान, सारंगढ़, संयोगिता सिंह जूदेव, चंद्रपुर, लता उसेंडी, कोंडागांव और किरणदेव सिंह, जगदलपुर शामिल हैं। इसी तरह बीजेपी की पहली सूची में जिन महिला उम्मीदवारों को टिकट मिली है, उनमें भटगांव से लक्ष्मी राजवाड़े, प्रतापपुर से शकुंतला सिंह पोर्ते, सरायपाली से सरला कोसरिया, खुज्जी से गीता घासी साहू और खल्लारी से अलका चंद्राकर शामिल हैं।

48 साल में सिर्फ 46 महिलाएं पहुंची थी विधानसभा

छत्तीसगढ़ राज्य बनने से पहले तक महिलाओं की स्थिति एकदम अलग थी। साल 1952 से 2000 यानी छत्तीसगढ़ के अलग राज्य बनने तक छत्तीसगढ़ से 48 सालों में महज 46 महिलाएं जीत कर विधानसभा पहुंची थीं। लेकिन छत्तीसगढ़ राज्य अलग होने के बाद महिला नेतृत्व में जबरदस्त उभार आया और आज देश में सबसे ज्यादा प्रतिनिधित्व करने वाली महिलाएं छत्तीसगढ़ से हैं। महिला विधायकों का प्रतिनिधित्व साल दर साल बढ़ता जा रहा है। साल 2003 से अब तक राज्य की विधानसभा में 42 महिलाएं पहुंच चुकी हैं। आंकड़े कहते हैं कि छत्तीसगढ़ में 2018 में हुए 90 सीटों के लिए हुए विधानसभा चुनाव के बाद हुए उपचुनावों को भी मिला दें तो विधानसभा में महिलाओं की संख्या 16 हो गई। 2018 में कुल 1269 उम्मीदवार मैदान में थे। इनमें महिला उम्मीदवारों की संख्या 132 यानी 10 फीसदी थी। कांग्रेस की 10, भाजपा की एक, बसपा की एक और जनता कांग्रेस जोगी की एक महिला उम्मीदवार जीत कर विधानसभा पहुंचीं। इन 13 विधायकों के साथ विधानसभा में महिलाओं का प्रतिशत 14 फीसदी था। लेकिन दंतेवाड़ा, खैरागढ़ और भानुप्रतापपुर में हुए चुनाव में तीनों ही सीटों पर कांग्रेस की महिला उम्मीदवारों के जीतने से विधानसभा में महिलाओं की संख्या 16 हो गई। इस तरह पूरे देश में छत्तीसगढ़ विधानसभा में महिलाओं का आंकड़ा देश में सबसे ज्यादा 18 फीसदी हो गया।

ये हैं भाजपा की महिला प्रत्याशी

1. रेणुका सिंह, भरतपुर-सोनहत

2. गोमती साय, पत्थलगांव

3. रंजना साहू, धमतरी

4. सुनीति सत्यानंद राठिया, लैलूंगा

5. उघेश्वरी पैकरा, सामरी

6. शिवकुमारी चौहान, सारंगढ़

7. संयोगिता सिंह जूदेव, चंद्रपुर

8. लता उसेंडी, कोंडागांव

9. राय मुनि भगत, जशपुर

10. लक्ष्मी राजवाड़े, भटगांव

11. शकुंतला सिंह, प्रतापपुर

12. सरला कोसरिया, सरायपाली

13. गीता घासी साहू. खुज्जी

14. अल्का चंद्राकर, खल्लारी

मोदी सरकार में छत्तीसगढ़ से एक मात्र मंत्री और सरगुजा संसद रेणुका सिंह को भाजपा ने विधानसभा चुनाव के मैदान में उतर दिया है। इसके साथ ही राज्य में बीजेपी ने अपने 9 में से 4 सांसदों विधानसभा का टिकट दिया है।

आज जारी दूसरी और अंतिम सूची में 3 सांसदों के नाम हैं।

केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह को भरतपुर सोनहत सीट से टिकट दिया गया है। रेणुका प्रेमनगर सीट से दो बार विधायक रह चुकीं हैं।

वहीं रायगढ़ सांसद गोमती साय को पत्थलगांव से प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और बिलासपुर संसद अरुण साव को लोरमी सीट से उतारा गया है। वहीं पहली सूची में दुर्ग संसद विजय बघेल का नाम था। उनको पाटन सीट से टिकट दिया गया है।


Sandeep Kumar Kadukar

संदीप कुमार कडुकार: रायपुर के छत्तीसगढ़ कॉलेज से बीकॉम और पंडित रवि शंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी से MA पॉलिटिकल साइंस में पीजी करने के बाद पत्रकारिता को पेशा बनाया। मूलतः रायपुर के रहने वाले हैं। पिछले 10 सालों से विभिन्न रीजनल चैनल में काम करने के बाद पिछले सात सालों से NPG.NEWS में रिपोर्टिंग कर रहे हैं।

Read MoreRead Less

Next Story