Begin typing your search above and press return to search.

CG Assembly Election Results: आएगी लक्ष्‍मी या होगा वंदन: सत्‍ता के लिए नारी शक्ति के भरोसे कांग्रेस और भाजपा

CG Assembly Election Results: छत्‍तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव का परिणाम आने में अभी लगभग 10 दिन का वक्‍त बचा है। राज्‍य में 3 दिसंबर को मतगणना होगी। इस बीच कांग्रेस और भाजपा दोनों अपनी-अपनी सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं। दोनों के दावों में एक बात कॉमन है, वह यह है कि दोनों को महिला वोटरों पर भरोसा जा रहे हैं।

CG Assembly Election Results: आएगी लक्ष्‍मी या होगा वंदन: सत्‍ता के लिए नारी शक्ति के भरोसे कांग्रेस और भाजपा
X
By Sanjeet Kumar

CG Assembly Election Results: रायपुर। छत्‍तीसगढ़ में अगली सरकार किसकी बनेगी इसका खुलासा 3 दिसंबर को ईवीएम खुलने और वोटो की गिनती के बाद ही होगा। इधर, सत्‍ता रुढ़ कांग्रेस और प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा अभी से सरकार बनाने का दावा पेश करने लगी हैं। इस बार चुनाव में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर मतदान किया है। ऐसे में दोनों दलों को लग रहा है कि महिलाओं का वोट उन्‍हें ही मिलेगा। भाजपा कह रही है कि पार्टी ने महतारी वंदना योजना शुरू करने की घोषणा की है। महिलाओं ने उससे प्रभावित होकर भाजपा को वाट दिया है। वहीं, कांग्रेस का दावा है कि महिलाओं को भाजपा से ज्‍यादा कांग्रेस की गृह लक्ष्मी योजना पर भरोसा है।

भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष अरुण साव ने आज प्रेसवार्ता लेकर महिलाओं के वोट पर भाजपा का दावा पेश किया तो कांग्रेस की तरफ से प्रदेश अध्‍यक्ष दीपक बैज ने बयान जारी कर महिला वोट पर कांग्रेस का दावा ठोका है। बताते चले कि भाजपा ने महिलाओं को 12 हजार और कांग्रेस ने 15 हजार रुपये सालाना देने का वादा किया है।

CG Assembly Election Results: महतारी वंदन, 18 लाख मकान और किसानों के बकाया बोनस का होगा भुगतान: साव

छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद अरुण साव ने आज यहां भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में राज्य के सभी मतदाताओं विशेष तौर पर भारी उत्साह के साथ जबर्दस्त मतदान के लिए महिलाओं, किसानों, युवाओं, मजदूरों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि स्पष्ट बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बन रही है।

छत्तीसगढ़ की जनता ने विकास, सुशासन, लोक कल्याण के लिए भाजपा के पक्ष में जनादेश दिया है। छत्तीसगढ़ की जनता भ्रष्टाचार से मुक्ति पाने आतुर है और उसने कांग्रेस की भ्रष्टतम सरकार के खिलाफ अपना फैसला सुरक्षित कर दिया है। 3 दिसंबर को आने वाला परिणाम हमारे विश्वास की पुष्टि कर देगा। भारतीय जनता पार्टी व्यवस्था परिवर्तन के लिए, राज्य के विकास के लिए दिए गए आशीर्वाद के लिए जनता जनार्दन की हृदय से आभारी है।

साव ने कहा कि भाजपा मातृशक्ति को साष्टांग प्रणाम करते हुए चुनाव के दौरान कांग्रेस और उसके एजेंट के तौर पर काम करने वाले प्रशासन के उन अधिकारियों की भी आभारी है, जिन्होंने महतारी वंदन योजना का विरोध किया। राज्य की महिलाओं के हित की योजना को महिलाओं तक पहुंचने में बाधक बने। भाजपा के कार्यकर्ता तमाम बाधाएं पार करते हुए हर घर तक पहुंचे और महिलाओं को भरोसा दिलाने में शत प्रतिशत सफल रहे कि सरकार बनते ही महतारी वंदन योजना शुरू हो जाएगी और सभी विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपए की निधि उन्हें ससम्मान मिलने लगेगी। पिछले चुनाव में महिलाओं से 5 सौ रुपये महीना देने का वादा करने वाली कांग्रेस ने महिलाओं के अपमान में कोई कमी बाकी नहीं रखी। भाजपा ने मोदी जी की गारंटी के तहत महिला वंदन योजना का संकल्प लिया है और मातृशक्ति का विश्वास अर्जित किया है। मतदान में महिलाओं की उत्साहपूर्वक भागीदारी इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है कि महतारी की वंदना करने वाली भाजपा को महिलाओं ने अपना शुभाशीष प्रदान कर दिया है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हमने सरकार बनते ही सभी आवासहीन 18 लाख परिवारों को पक्का मकान देने की मोदी गारंटी दी है। कैबिनेट की पहली बैठक में ही इसके लिए राशि जारी कर दी जाएगी। हमने युवाओं को न्याय दिलाने और पीएससी घोटाला करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने का वचन दिया है, वह सरकार बनते ही पूरा किया जाएगा। हमने किसानों को दो साल का बकाया बोनस एकमुश्त देने की मोदी गारंटी दी है। 25 दिसंबर को यह राशि किसानों के खाते में पहुंच जाएगी। हम 31 सौ रुपये क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीद करेंगे। 3 दिसंबर को किसानों का मान बढाने भाजपा सरकार बनने का किसान इंतजार कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ की जनता के हर वर्ग के लोग भाजपा के विजय संकल्प के साथ परिवर्तन के रथ पर सवार हुए हैं।

साव ने कहा कि दिसंबर का महीना छत्तीसगढ़ में विकास की तेज गति से आगे बढ़ने और लोक कल्याण की योजनाओं के आरंभ का ऐतिहासिक माह होगा। छत्तीसगढ़ 3 दिसंबर को कांग्रेस रूपी ग्रहण से मुक्त होगा। 5 साल से अवरुद्ध छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा इसी तारीख से आरंभ हो जाएगी। उन्होंने भाजपा के कार्यकर्ताओं को उनके जीवट और लोकतंत्र के उत्थान में सम्पूर्ण समर्पण के साथ संघर्ष के लिए कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए कहा कि हमारे कार्यकर्ता हर अत्याचार का मुकाबला करते हुए आगे बढ़े। जनता के आशीर्वाद और हमारे कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम का सुफल भाजपा सरकार आने का स्पष्ट उद्घोष कर रहा है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष साव ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का एक स्तम्भ है। सरकार के भारी दबाव के बावजूद मीडिया जनता की आवाज बना, विपक्ष का निष्पक्ष सहयोगी बना, इस हेतु भाजपा राज्य के समस्त पत्रकारों का हार्दिक अभिनंदन करते हुए विश्वास दिलाती है कि हमारी सरकार मीडिया की स्वतंत्रता को प्राथमिकता देगी और छत्तीसगढ़ 3 दिसंबर को कांग्रेस राज की अघोषित सेंसर शिप से भी मुक्त हो जाएगा। प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, प्रदेश प्रवक्ता अमित साहू माजूद रहे।

CG Assembly Election Results: माता बहनों ने कांग्रेस के छत्तीसगढ़ गृह लक्ष्मी योजना पर भरोसा किया: बैज

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र पर प्रदेश के हर वर्ग ने भरोसा किया है। 3 दिसंबर को फिर कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है और 2018 में भाजपा सरकार की बिदाई के साथ शुरू हुई नवा छत्तीसगढ़ गढ़ने की कांग्रेस की विकास यात्रा निर्बाध गति से आगे बढ़ेगा। प्रदेश की जनता ने मोदी की गारंटी और भाजपा के घोषणा पत्र से किनारा कर लिया, भरोसा नही किया। माता बहनों ने कांग्रेस सरकार बनने पर छत्तीसगढ़ गृह लक्ष्मी योजना के माध्यम से मिलने वाले हर साल 15000 रु. की राशि, 500 रु. रसोई गैस सिलेंडर में सब्सिडी, महिला समूह की कर्ज माफी जैसे विषयों पर भरोसा किया और बढ़-चढ़ कर कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया।

बैज ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर जातिगत जनगणना होगा, किसानों का कर्ज माफ होगा, धान की कीमत 3200 रु. प्रति क्विंटल मिलेगा, 200 यूनिट तक बिजली निशुल्क मिलेगी, मजदूर न्याय योजना से 10 हजार रु. खाता में आयेगा। 17 लाख से अधिक आवास मिलेंगे, केजी से पीजी तक की शिक्षा निशुल्क मिलेगी, आत्मानंद योजना से सरकारी स्कूल उन्नयन होगा, तिंवरा का समर्थन मूल्य में खरीदी होगी एवं 2018 में सरकार बनाने के बाद शुरू हुई सभी योजनाएं निरंतर गति के साथ चलेगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा नेताओं को दिन में सपना देखने की आदत पड़ गई है। भाजपा के अधिकांश बड़े नेता चुनाव हार रहे हैं। भाजपा के प्रत्याशियों को भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं का ही समर्थन नहीं मिला। जनता तो पहले ही भाजपा से दूर थी भाजपा जो आयातित नेताओं के दम पर प्रदेश में चुनाव लड़ रही थी। मतदान खत्म होने के बाद आयातित नेता झोला उठाकर चले गए। भाजपा कार्यालय में सन्नाटा पसर गया। प्रदेश के भाजपा के नेता पहले ही अपनी हार स्वीकार कर चुके थे। प्रदेश के भाजपा आरएसएस के कार्यकर्ता भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सरकार के कामों पर भरोसा कर रहे हैं। कांग्रेस के घोषणा पत्र से भाजपा से जुड़े किसान और युवा भी प्रभावित हैं और उन्होंने कांग्रेस पर भरोसा किया है।

बैज ने कहा कि भाजपा ने पूरे चुनाव के दौरान अफवाह फैलाने का काम किया है, झूठ बोलकर राजनीति की है और जनता भाजपा के झूठ को दरकिनार कर प्रदेश को ऊंचाई में ले जाने वाले कांग्रेस सरकार पर भरोसा किया, सरकार के कामों पर भरोसा किया और 3 दिसंबर को फिर से कांग्रेस की सरकार बनेगी और जनता से किए गए सभी वादों को पूरा करेगी प्रदेश की खुशियली में चार चांद लगेगा और देश में छत्तीसगढ़ सबसे विकसित खुशहाल और समृद्ध राज्य के रूप में जाना जाएगा।

Sanjeet Kumar

संजीत कुमार: छत्‍तीसगढ़ में 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय। उत्‍कृष्‍ट संसदीय रिपोर्टिंग के लिए 2018 में छत्‍तीसगढ़ विधानसभा से पुरस्‍कृत। सांध्‍य दैनिक अग्रदूत से पत्रकारिता की शुरुआत करने के बाद हरिभूमि, पत्रिका और नईदुनिया में सिटी चीफ और स्‍टेट ब्‍यूरो चीफ के पद पर काम किया। वर्तमान में NPG.News में कार्यरत। पंड़‍ित रविशंकर विवि से लोक प्रशासन में एमए और पत्रकारिता (बीजेएमसी) की डिग्री।

Read MoreRead Less

Next Story