बड़ी खबरः पंजाब में कांग्रेस का टूटना तय, एक्स सीएम र्कैप्टन अमरिंदर ने की नई पार्टी बनाने का ऐलान, आज शाम जा रहे दिल्ली
पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आज प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि नई पार्टी के साथ ही अगले विधानसभा चुनाव में उतरेंगे। हालांकि उन्होंने पार्टी के नाम का एलान नहीं किया। कैप्टन ने कहा कि पार्टी के नाम की घोषणा भी जल्द की जाएगी।

चंडीगढ़, 27 अक्टूबर 2021। पंजाब से एक बड़ी खबर आ रही है। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस से अलग होकर नई पार्टी बनाने का ऐलान कर दिया है। वे आज शाम दिल्ली जा रहे हैं। वहां वे कांग्रेस के असंतुष्ट नेताओं से भी मुलाकात करेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आज प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि नई पार्टी के साथ ही अगले विधानसभा चुनाव में उतरेंगे। हालांकि उन्होंने पार्टी के नाम का एलान नहीं किया। कैप्टन ने कहा कि पार्टी के नाम की घोषणा भी जल्द की जाएगी। चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व सीएम ने कहा कि उन्होंने जो वादे किए वे पूरे किए। बीएसएफ के अधिकार क्षेत्र बढ़ाने के फैसले को सही ठहराते हुए कैप्टन ने कहा कि पंजाब की सुरक्षा उनके लिए सबसे अहम है। पंजाब ने आतंकवाद देखा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कैप्टन अमरिंदर सिंह से नवजोत सिद्धू के उन पर किए ट्वीट के बारे में सवाल किया गया। इस पर कैप्टन ने कहा कि वह कुछ नहीं जानते। बहुत ज्यादा बोलते हैं, उसके पास दिमाग नहीं है। मैंने इस पर कभी अमित शाह या ढींढसा से बात नहीं की, लेकिन मैं करूंगा। मैं कांग्रेस, शिअद और आप से लड़ने के लिए मजबूत होना चाहता हूं। मैं उनसे बात करूंगा, हम इन्हें हराने के लिए संयुक्त मोर्चा बनाएंगे। कैप्टन ने कहा कि कल हम 25-30 लोगों को अपने साथ ले जा रहे हैं। हम कृषि कानूनों के मुद्दे पर गृह मंत्री से मिलेंगे।
नवजोत सिद्धू के इस ट्वीट पर कैप्टन को भाजपा का वफादार मुख्यमंत्री बताया था, कैप्टन ने कहा कि यह आदमी कुछ नहीं जानता। वह सिर्फ फालतू बात करता रहता है। मैं राज्य के मुद्दों पर चर्चा करने के लिए सभी केंद्रीय मंत्रियों से मिल रहा था। राज्य तब तक काम नहीं कर सकते जब तक वे केंद्र के साथ काम नहीं करते। लेकिन मुझे उम्मीद नहीं है नवजोत सिद्धू सुशासन के बारे में कुछ भी जानते हैं।
मीडिया से रूबरू होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री आज ही दिल्ली रवाना हो जाएंगे। दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों के साथ ही भाजपा के दिग्गज नेताओं से मुलाकात करेंगे। सूत्रों के अनुसार, कैप्टन वहां कांग्रेस के भी नाराज नेताओं के साथ बैठक करेंगे।
