Begin typing your search above and press return to search.

Bhupay app जानिए... क्‍या है भाजपा का भू-पे एप: जिसे कांग्रेस बता रही दिमागी फितूर...

Bhupay app: विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप- प्रत्‍यारोप का दौर तेज हो गया है।

Bhupay app जानिए... क्‍या है भाजपा का भू-पे एप: जिसे कांग्रेस बता रही दिमागी फितूर...
X
By Sanjeet Kumar

Bhupay appरायपुर। भाजपा ने कल भू-पे नाम से एक एप लॉंच किया। इस एप को केंद्रीय सूचना एवं प्रचारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने लांच किया। इसके साथ ही इसको लेकर भाजपा और कांग्रेस में जुबानी जंग तेज हो गई है। कांग्रेस इसे भाजपा का दिमागी फितूर बता रही है। दरअसल, भाजपा ने एप के नाम पर एक क्‍यू आर कोड जारी किया है। इसे स्‍कैन करने पर वेबसाइट https://bhupaykaro.com खुलता है। इस वेबसाइट पर भाजपा ने राज्‍य की कांग्रेस सरकार के कथित 7 भ्रष्‍टाचारों का उल्‍लेख किया है।

bhupay app जानिए... क्‍या है भू-पे की वेबसाइट पर


इस वेबसाइट पर कांग्रेस सरकार के शराब, कोयला, डीएमएफ सहित कथित 7 भ्रष्‍टाचारों की जानकारी दी गई है। पढि़ए घोटलों को लेकर भाजपा ने क्‍या आरोप लगाया है।

शराब घोटाला: शराबबंदी का वादा कर सत्ता में आने वाली कांग्रेस सरकार ने शराब की होम डिलीवरी तो शुरू की ही, 20 हजार करोड़ का शराब घोटाला भी कर लिया। रायपुर महापौर के भाई अनवर इस घोटाले का किंगपिन जो अपने ‘पॉलिटिकल मास्टर’ के लिए यह उगाही करता था। कौन है यह पॉलिटिकल मास्टर? पता है न?

PSC घोटाला: PSC के पदों की या तो बंदरबांट कर ली, या बेच डाला। पीएससी चेयरमैन के बेटे समेत पांच करीबी रिश्तेदारों की डिप्टी कलक्टर आदि बनाया गया। कांग्रेस के नेताओं के बेटे चयनित हुए। शेष पदों को 75-75 लाख में बेचा गया। हाई कोर्ट के जज ने जमकर प्रदेश सरकार को फटकार लगाई और कांग्रेस नेताओं के क़रीबियों की संदेहास्पद नियुक्तियों को रोकने की बात कही है।

चावल घोटाला: प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के चावल में पांच हजार करोड़ से अधिक का घोटाला। साथ ही पीडीएस के चावल में भी हजार करोड़ का घोटाला। सरकार केंद्रीय पूल में भी आठ लाख टन चावल गबन कर लिया। क्या चावल की तस्करी करा रही है सरकार, जो केंद्र के हिस्से का चावल नहीं दे रही?

गोठान घोटाला: भ्रष्टाचार में आकंठ तक डुबी कांग्रेस सरकार ने गोमाता तक को नहीं बख्शा। प्रदेश में गोठान बनाने के नाम पर करोड़ों का ग़बन किया और गोमाता को मरने के लिए छोड़ दिया।

कोयला घोटाला: कोयला माइनिंग में गेट पास को ऑनलाइन से ऑफलाइन कर 25 रूपए प्रति टन के हिसाब से की अवैध वसूली और कांग्रेस के ‘भारत तोड़ो यात्रा’ के लिए जोड़े 1500 करोड़ रूपए।

महादेव बुक एप और दुबई लिंक: छत्तीसगढ़ियों को ठगेश ने महादेव ऑनलाईन सट्टा एप के जरिए खूब लूटा और दुबई तक हवाला का एक बड़ा नेटवर्क बनाकर पैसों की हेर-फेर की।

DMF घोटाला: छत्तीसगढ़ District Mineral Foundation फंड में जमकर कमीशन खोरी हुई है और कांग्रेसी सिस्टम द्वारा ट्रांसफ़र-पोस्टिंग उद्योग चलाया गया।

bhupay app कांग्रेस बोली- भू-एप्प भाजपा के अपने भ्रष्टाचार की स्वीकारोक्ति


भाजपा के भू-एप्प का जवाब देते हुए प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा के खून में भ्रष्टाचार है। 15 सालों तक प्रदेश को लूटने वाले भाजपाइयों को सोते जागते भ्रष्टाचार ही दिखता है। बड़ा हास्यास्पद लगता है कि जिस भाजपा के राज्य में रमन सिंह के पुत्र भ्रष्टाचार का पैसा रखने के लिये विदेश में वर्जिन आइलैंड में खाता खोलवाता था, पनामा पेपर में नाम आता था। जिस भाजपा के राज में मंत्री डॉलर में घूस मांगते थे वह भाजपा किस नैतिकता से एक ईमानदार सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाती है। कांग्रेस सरकार की शत-प्रतिशत योजनाओं की राशि सीधे हितग्राहियों के खाते में जाती है यहां भ्रष्टाचार की बातें भाजपा का दिमागी फितूर है।

शुक्ला ने कहा कि रमन सरकार के 1 लाख करोड़ के भ्रष्टाचार पर भाजपा की बोलती क्यों बंद है? 36000 करोड़ का नान घोटाला, 4400 करोड़ के शराब घोटाला, 6000 करोड़ के चिटफंड घोटाले पनामा पेपर वाले अभिषेक सिंह, 1677 करोड़ का गौशाला घोटाले पर, इंदिरा प्रियदर्शिनी बैंक घोटाले में पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह सहित बृजमोहन अग्रवाल को भी घूस देने की स्वीकारोक्ति प्रमुख आरोपी ने अपने नार्को टेस्ट में किया है। भाजपा के 15 सालों में 34 घोटाले हुये थे जो प्रदेश की जनता के जुबान पर है इनकी जांच कराने की बात आती है तो भाजपाईयों की बोलती बंद हो जाती है। 36000 करोड़ का नान घोटाले की जांच में तो भाजपा नेता कोर्ट से स्टे लेकर आये है। डीकेएस घोटाला, प्रियदर्शिनी सहकारी बैंक घोटाला, ई-टेंडरिंग घोटाला, घटिया मोबाइल खरीदी घोटाला, मच्छरदानी घोटाला, गुणवत्ताहीन एक्सप्रेस-वे, अनुपयोगी स्काईवॉक घोटाला का कलंक भाजपा पर है।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शुक्ला ने कहा कि 1.76 करोड़ के कोयला घोटाले पर भाजपा का झूठ बेनकाब हो चुका है। जिन कोल ब्लाकों पर भाजपा ने सवाल खड़ा किया था मोदी शासन काल में उन्हीं कोल ब्लाकों की नीलामी में मनमोहन सरकार की अपेक्षा 25000 करोड़ का नुकसान हुआ था। भाजपा के कूटरचित प्रोपोगंडा 2जी, 3जी घोटाले को अदालत में काल्पनिक बता चुकी है। रमन राज में हुये भटगांव एक्सटेंशन घोटाला, नवभारत कोल घोटाला प्रदेश की जनता भूली नहीं है। भाजपा ने मनमोहन सिंह के समय जिस कोल नीति पर सवाल खड़ा किया था मोदी सरकार ने उसी कोयला नीति को लागू किया है। देशभर की अधिकांश कोयला खदाने अप्रत्यक्ष तौर पर मोदी सरकार ने अडानी समूह को सौंप दिया है।

Sanjeet Kumar

संजीत कुमार: छत्‍तीसगढ़ में 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय। उत्‍कृष्‍ट संसदीय रिपोर्टिंग के लिए 2018 में छत्‍तीसगढ़ विधानसभा से पुरस्‍कृत। सांध्‍य दैनिक अग्रदूत से पत्रकारिता की शुरुआत करने के बाद हरिभूमि, पत्रिका और नईदुनिया में सिटी चीफ और स्‍टेट ब्‍यूरो चीफ के पद पर काम किया। वर्तमान में NPG.News में कार्यरत। पंड़‍ित रविशंकर विवि से लोक प्रशासन में एमए और पत्रकारिता (बीजेएमसी) की डिग्री।

Read MoreRead Less

Next Story