बैकुंठपुर और चर्चा-शिवपुर चुनाव बहिष्कार मसला.. ज़िलाध्यक्ष नजीर दावेदारों की सूची समेत दोपहर बाद राजीव भवन तलब..

Congress
रायपुर,1 दिसंबर 2021। कोरिया ज़िले के प्रस्तावित विभाजन को असामान्य और ग़लत मानते हुए विरोध में बेतहाशा सुलगे पुराने कोरिया जिले में चुनाव बहिष्कार के सर्वदलीय फ़ैसले के बीच कांग्रेस संगठन ने ज़िलाध्यक्ष नज़ीर अज़हर को सूची के साथ तलब कर लिया है। कल जबकि कांग्रेस की प्रत्याशी चयन और घोषणा पत्र के लिए बनी 21 सदस्यीय कमेटी जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल हैं ने यह पाया कोरिया ज़िले से प्रत्याशी सूची ही नहीं है और ना ही बैठक में ज़िलाध्यक्ष, ज़िला संगठन प्रभारी , चुनाव पर्यवेक्षक और विधायक ही मौजुद है। खबरें हैं कि तब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नाराज़गी जताई, इसके बाद राजीव भवन से फ़ोन बैकुंठपुर घनघनाने लगे, और कांग्रेस ज़िलाध्यक्ष नजीर अजहर को प्रस्तावित प्रत्याशियों की लिस्ट के साथ तलब कर लिया गया।कोरिया ज़िलाध्यक्ष नजीर अजहर दोपहर बाद दावेदारों की सूची लेकर राजीव भवन पहुँचेंगे।
सियासती गुणा-गणित बस यह है कि राजीव भवन किसी सूरत कुशाभाउ ठाकरे परिसर से जारी सूची को एक तरफ़ा नहीं होने देना चाहता। प्रत्याशियों की सुची जारी कर यह सुनिश्चित किए जाने की क़वायद है कि यदि भाजपा की ओर से नामांकन दाखिल हो जाए तो भाजपा को वॉकओवर ना मिले। पर अब तक जबकि नामांकन फ़ॉर्म लेने की अंतिम तारीख़ तीन दिसंबर है, तीस नवंबर तक एक भी फ़ॉर्म नही लिया गया है। कोरिया ज़िले के बाशिंदे प्रस्तावित नए ज़िले के विरोध में नहीं बल्कि असमान भौगोलिक वितरण से खुद के हाथ ख़ाली होने के विरोध में है।
विरोध का यह स्वर बेहद सप्तम सूर में है, जनाक्रोश इस असमान विभाजन के लिए किसे दोषी मानता है यह सवाल तो अपनी जगह है ही पर विरोध की अभिव्यक्ति को भी स्वीकृति नहीं दिए जाने पर मानस में छवि क्या होगी इसकी कल्पना तक किसी को नहीं है। बहरहाल बैकुंठपुर नगर पालिका की बीस सीटों और शिवपुर चर्चा नगर पालिका की पंद्रह सीटों के लिए संभावित प्रत्याशियों की सूची कांग्रेस ज़िलाध्यक्ष नजीर अजहर आज राजीव भवन में सौंप देंगे। इस क़वायद के बीच बैकुंठपुर के घड़ी चौक से जहां नागरिकों का समूह इसी मसले पर चर्चा कर रहा था, वहाँ से अचानक एक सवाल आया "लेकिन इस सूची के बाद अगर कहीं फिर भी नामांकन नहीं हुआ तो ..?"
