आदित्येश्वर सिंहदेव निर्विरोध ज़िला पंचायत उपाध्यक्ष निर्वाचित.. जीत के बाद बोले..."मार्गदर्शन की अपेक्षा सभी से..सबका आभार"

अंबिकापुर,7 फ़रवरी 2022। आख़िरकार ज़िला पंचायत उपाध्यक्ष पद पर राजपरिवार के सबसे युवा सदस्य के नाम का परचम लहरा गया है। आदित्येश्वर सिंहदेव ज़िला पंचायत उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। क़रीब बारह बजकर पैंतालीस मिनट पर निर्वाचन अधिकारी ने घोषित किया कि नामांकन एक है अतः निर्वाचित घोषित किया जाता है। 14 सदस्यीय ज़िला पंचायत सरगुजा में 11 सदस्य कांग्रेस के जबकि 3 सदस्य भाजपा के हैं।
ज़िला पंचायत उपाध्यक्ष पद पर राकेश गुप्ता निर्वाचित हुए थे और उन्होंने 21 मार्च 2021 को इस्तीफ़ा दे दिया था,जो 6 अप्रैल को स्वीकार हुआ था।पैलेस के बेहद करीबी और मौजुदा समय में डीसीसी अध्यक्ष राकेश गुप्ता के इस्तीफ़े के साथ ही यह माना गया था कि ज़िला पंचायत क्षेत्र क्रमांक दो से ज़िला पंचायत सदस्य आदित्येश्वर सिंहदेव का अब उपाध्यक्ष बनना औपचारिकता है।
लेकिन अज्ञात कारणों से यह निर्वाचन टलता रहा, और तब ही हुआ जबकि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की ओर से राजपत्र में पंचायत राज अधिनियम के निर्वाचन नियम में निम्नलिखित संशोधन हालिया दिनों प्रकाशित हुए। इस संशोधन में लिखा गया
नियम 20 में शब्द "जितनी जल्दी हो सके" के स्थान पर शब्द "रिक्त होने की तिथि से 30 दिवस के भीतर" प्रतिस्थापित किया जाये।
इस संशोधन के बाद उपाध्यक्ष पद के लिए सात फ़रवरी निर्वाचन तिथि घोषित हुई और आदित्येश्वर सिंहदेव निर्विरोध निर्वाचित हो गए।
ज़िला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर सिंहदेव ने कहा
"पद पर नाम मेरा है लेकिन इस पर अधिकार हर सदस्य का है.. मुझे सीखने का अवसर मिला है..मैं सभी से मार्गदर्शन की अपेक्षा रखता हूँ"
ज़िला पंचायत उपाध्यक्ष ज़िला शिक्षा स्थाई समिति का अध्यक्ष होता है, आदित्येश्वर सिंहदेव ने इसे लक्ष्य करते हुए कहा
"ज़िला शिक्षा स्थाई समिति की बैठकें अब ब्लॉक पर होंगी, बंद कमरे में ज़िलाधिकारीयों के साथ बैठक करने से बेहतर है कि हम सब ब्लॉक पर पहुँचे और वहाँ बैठक करें ताकि समस्या और समाधान दोनों समझ आए और त्वरित निदान हो.. पहली बैठक लखनपुर में करेंगे"
