Begin typing your search above and press return to search.

श्री सर्वेश्वरी समूह के 61वें स्थापना दिवस पर पड़ाव आश्रम में निकली प्रभातफेरी, विचार गोष्ठी और श्रमदान भी किया गया

श्री सर्वेश्वरी समूह के 61वें स्थापना दिवस पर पड़ाव आश्रम में निकली प्रभातफेरी, विचार गोष्ठी और श्रमदान भी किया गया
X
By NPG News

पड़ाव, (वाराणसी) 21 सितंबर 2021। । अघोर पीठ, श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम्, अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम में आज श्री सर्वेश्वरी समूह का 61वाँ स्थापना दिवस, संस्था अध्यक्ष अवधूत गुरुपद संभव राम जी के निर्देशन में आश्रम में निवास करने वाले लोगों, संस्था के पदाधिकारियों एवं कुछ स्थानीय लोगों की उपस्थिति में मनाया गया। कार्यक्रम को मनाने के क्रम में नियमित प्रातःकालीन आरती एवं सफाई-श्रमदान के उपरांत प्रातः ६ बजे संस्था के मंत्री डॉ० एस० पी० सिंह के नेतृत्व में एक प्रभातफेरी निकली गई। लगभग एक दर्जन वाहनों में कुल 50 लोग इस प्रभातफेरी में सम्मिलित हुए। सबसे आगे चल रहे एक वाहन पर परमपूज्य अघोरेश्वर महाप्रभु का एक विशाल तैल चित्र लगाया गया था। प्रभातफेरी पड़ाव से चलकर मैदागिन, लहुराबीर, कचहरी होते हुए सारनाथ स्थित “अघोर टेकरी” पर पहुंची। यहाँ पर डॉ० एस.पी. सिंह जी ने अघोरेश्वर चरण पादुका का पूजन किया और सर्वेश्वरी ध्वज फहराया। सफलयोनि का पाठ श्री पृथ्वीपाल जी ने किया। पुनः प्रभातफेरी आशापुर, पुराना वरुणा पुल से कज्जाकपुरा होते हुए पड़ाव आश्रम पहुंची। संस्था के मुख्यालय अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम के परिसर में संस्था के उपाध्यक्ष डॉ० ब्रजभूषण सिंह जी ने अघोराचार्य महाराजश्री बाबा कीनाराम जी की प्रतिमा का पूजन करने के पश्चात् सर्वेश्वरी ध्वजारोहण किया। पृथ्वीपाल द्वारा सफलयोनि पाठ के बाद प्रसाद वितरण हुआ। इसके बाद गंगातट स्थित अघोरेश्वर महाविभूति स्थल पर संस्था के उपाध्यक्ष श्री सुरेश सिंह ने ध्वजारोहण किया।
लगभग 11:30 बजे आश्रम के गणेश पीठ प्रांगण में एक पारिवारिक विचार गोष्ठी का आयोजन वाराणसी के प्रतिष्ठित चिकित्सक और उत्तर प्रदेश स्वास्थ सेवाओं के अपर निदेशक डॉ० वी० पी० सिंह की अध्यक्षता में हुई। वक्ताओं में संस्था के उपाध्यक्ष डॉ० ब्रजभूषण सिंह, प्रचार मंत्री श्री पारस नाथ यादव, कर्नल रामचंद्र नाथ शाहदेव, श्री एम.एम. देवघरिया तथा श्री एस.के.बी. सिंह थे। सभी ने परमपूज्य अघोरेश्वर महाप्रभु द्वारा सन् 1961 में स्थापित संस्था श्री सर्वेश्वरी समूह के बारे में अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के विकट परिस्थिति में यह संस्था पूरी मानवता को एक सही राह दिखाती है। गोष्ठी का शुभारम्भ कुमारी गुंजन द्वारा प्रस्तुत श्री गुरुपदुकापंचाकम् के पाठ से हुआ। श्री सुदर्शन सिंह ने बांसुरी पर औघड़ आरती की बहुत ही सुमधुर धुन बजाई। धन्यवाद ज्ञापन संस्था के मंत्री डॉ० एस.पी. सिंह ने किया और सञ्चालन डॉ० बामदेव पाण्डेय ने किया।
वाराणसी के मडुवाडीह स्थित बनारस रेलवे स्टेशन के सामने स्थित अघोरेश्वर महाप्रभु की तपोस्थली ‘सर्वेश्वरी निवास प्रांगण’ में श्री राजीव कुमार “रानू” ने सर्वेश्वरी ध्वजारोहण किया। हवन-पूजन के साथ ही एक लघु गोष्ठी कर के सर्वेश्वरी समूह के लोक-कल्याणकारी कार्यक्रमों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। इसके अलावा देशभर में फैली संस्था की सभी समूह शाखाओं में भी स्थापना दिवस कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि समस्त कार्यक्रम शासन-प्रशासन द्वारा निर्धारित कोविड की सावधानियों और सुरक्षा के तहत बहुत ही सतर्कता पूर्वक मास्क, सेनेटाइजर और थर्मल स्कैनिंग का उपयोग तथा शारीरिक दूरी का पालन करते हुए मनाया गया।

Next Story