पुलिस कॉंफ़्रेंस पर अजय की चुटकी: ट्वीट कर लिखा -"क़ानून व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं,जो चीज़ छत्तीसगढ में है ही नही".. आरपी का उसी अंदाज में करारा पलटवार -"प्रदेश में क़ानून का राज है,चंद्राकर जी कवर्धा और बस्ती थाने के भाजपाई गुंडों से दंगाईयों से पूछ लें"

रायपुर,22 अक्टूबर 2021। कलेक्टरों से वन टू वन मैराथन संवाद के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल स्थानीय सर्किट हाउस में प्रदेश के सभी कप्तान और रेंज आईजी से ऐजेंडा वार चर्चा कर रहे हैं। यह चर्चा क़ानून व्यवस्था पर केंद्रित है।इस बैठक पर भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने करारा तंज किया है।
अजय चंद्राकर ने ट्वीट में प्रदेश कांग्रेस संगठन प्रभारी पी एल पुनिया और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को टैग करते हुए लिखा है -
"मुख्यमंत्री का पद एक संस्था होती है। छ.ग.(कांग्रेस शासित) में आज कानून व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं, जो चीज छ.ग. में है ही नहीं उसके लिए मान. मुख्यमंत्री जी अपना समय क्यों खराब कर रहे हैं..?आप हस्तक्षेप कीजिये..!!"
वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर के इस तंज पर कांग्रेस ने तीखा पलटवार किया है। कांग्रेस प्रवक्ता आर पी सिंह ने वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर को कहा है -
"छत्तीसगढ़ में कानून का राज है और न्याय सभी के लिए उपलब्ध है, अगर चंद्राकर जी को यकीन ना हो तो पुरानी बस्ती थाने में घुसकर मारपीट करने वाले भाजपाई गुंडों से और कवर्धा में दंगा फैलाने का असफल प्रयास करने वाले भाजपा के दंगाइयों से पूछ लें यकीन हो जाएगा"
