आ गई नीट की डेट: सितंबर में इस दिन होगी परीक्षा, आवेदन प्रक्रिया कल से…शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की बड़ी घोषणा

नईदिल्ली 12 जलाई 2021. नीट परीक्षा की तारीखों की घोषणा आखिरकार हो गई है. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोमवार को इस संबंध में घोषणा की है. शिक्षा मंत्री ने ट्वीट कर बताया कि NEET (UG) 2021 की परीक्षा 12 सितंबर को होगी. पहले ये परीक्षा एक अगस्त को होनी थी. उन्होंने बताया कि इस दौरान कोविड-19 प्रोटोकॉल का पूरा ख्याल रखा जाएगा. NTA की वेबसाइट पर मंगलवार से इसकी आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी.
प्रधान ने कहा कि सामाजिक दूरी के मानदंडों को सुनिश्चित करने के लिए, जिन शहरों में परीक्षा आयोजित की जाएगी, उनकी संख्या 155 से बढ़ाकर 198 कर दी गई है। परीक्षा केंद्रों की संख्या भी 2020 में उपयोग किए गए 3862 केंद्रों से बढ़ाई जाएगी। कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने के लिए, परीक्षा केंद्र में सभी उम्मीदवारों को फेस मास्क प्रदान किया जाएगा। एंट्री और एग्जिट के दौरान समय स्लॉट, कॉन्टैक्टलेस रजिस्ट्रेशन, उचित सैनिटाइजेशन, सोशल डिस्टेंसिंग के साथ बैठने आदि को भी सुनिश्चित किया जाएगा।
कब से कर सकेंगे आवेदन
NEET UG 2021 Application: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया मंगलवार 13 जुलाई से शुरू होगी. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की वेबसाइट nta.ac.in या फिर ntaneet.nic.in पर आवेदन फॉर्म का लिंक जारी कर दिया गया है. छात्र दोनों में से किसी भी वेबसाइट पर जाकर इस फॉर्म को भर सकते हैं.
पहले अगस्त में होनी थी परीक्षा
देशभर के लाखों छात्रों को NEET UG 2021 की परीक्षा की तारीखों का इंतजार था. कोरोना वायरस की दूसरी लहर के चलते इसे टालना पड़ा था. छात्र लंबे समय से इस बारे में विस्तृत जानकारी जारी करने की मांग कर रहे थे. पहले परीक्षा की तारीख एक अगस्त बताई गई थी, लेकिन एप्लीकेशन फॉर्म को लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई थी.
