Begin typing your search above and press return to search.

Sugarcane Price Hike: पंजाब सरकार ने गन्ने की कीमत में 11 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की, किसानों ने बताया विश्वासघात

Sugarcane Price Hike: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को गन्ने के लिए राज्य सहमत मूल्य (एसएपी) में 11 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की घोषणा की।

Sugarcane Price Hike: पंजाब सरकार ने गन्ने की कीमत में 11 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की, किसानों ने बताया विश्वासघात
X
By Npg

Sugarcane Price Hike: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को गन्ने की कीमत में 11 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की घोषणा की और कहा कि 391 रुपये प्रति क्विंटल की नई दर देश में सबसे अधिक है। हालांकि, किसानों ने कहा कि गन्ने की कीमत में बढ़ोतरी ‘‘बहुत कम’’ है और राज्य सरकार के कदम को ‘‘विश्वासघात’’ करार दिया।

मुख्यमंत्री ने कुछ दिन पहले ही किसानों को आश्वासन दिया था कि उनके लिए ‘‘अच्छी खबर’’ आने वाली है। मान ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘11 रुपये की बढ़ोतरी के साथ नई दर 391 रुपये प्रति क्विंटल होगी, जो देश में सबसे अधिक होगी।’’ सरकारी की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मान ने कहा कि पंजाब में 11 रुपये को ‘शगुन’ माना जाता है और उनकी सरकार ने किसानों को यह तोहफा दिया है।

मान ने कहा कि उन्होंने किसानों के साथ हालिया बैठक के दौरान जो वादा किया था, उसे पूरा किया है। किसानों ने हाल ही में गन्ने का दाम 380 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 450 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था।

मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद किसान संगठन बीकेयू (दोआबा) के अध्यक्ष मंजीत सिंह राय ने कहा कि बढ़ोतरी बहुत कम है। राय ने कहा, ‘‘ कीमत में बढ़ोतरी बहुत कम है। यह किसानों के साथ विश्वासघात है। हम कीमत बढ़ोतरी से खुश नहीं हैं।’’ उन्होंने कहा कि गन्ने की कीमतें ‘‘जितना हमसे वादा किया गया था’’ उतनी बढ़ाई जानी चाहिए।

राय ने कहा, ‘‘ पिछले हफ्ते चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री के साथ हमारी बैठक में उन्होंने कहा था कि हरियाणा ने हाल ही में गन्ने की कीमतों में 14 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की है और आश्वासन दिया था कि पंजाब की कीमत में 14 रुपये प्रति क्विंटल से अधिक की बढ़ोतरी होगी। इसलिए उम्मीद कर रहे थे कि नई दर कम से कम 400 रुपये (प्रति क्विंटल) से अधिक होगी।’’

उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने ‘‘वादे के मुताबिक’’ गन्ने की कीमतें नहीं बढ़ाई तो किसान फिर से विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने राज्य में चीनी मिलों को तुरंत चालू किए जाने की भी मांग की।

संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले प्रदर्शनकारियों ने धानोवाली गांव के पास जालंधर-नई दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग के जालंधर-फगवाड़ा हिस्से को अवरुद्ध कर दिया था। चौथे दिन किसान नेताओं और मुख्यमंत्री मान के बीच हुई बैठक के बाद धरना खत्म किया गया था।

मान ने पिछले सप्ताह कहा था, ‘‘जहां तक गन्ने की दर बढ़ाने का सवाल है, पंजाब हमेशा आगे रहा है।’’ पड़ोसी राज्य हरियाणा ने पिछले महीने गन्ने की कीमत 14 रुपये बढ़ाकर 386 रुपये प्रति क्विंटल करने की घोषणा की थी।

इस बीच आधिकारिक बयान के अनुसार, मान ने कहा कि उनकी सरकार किसानों, व्यापारियों, कमजोर वर्गों, कर्मचारियों और अन्य लोगों सहित समाज के हर वर्ग की भलाई के लिए प्रतिबद्ध है। मान ने कहा कि आने वाले दिनों में समाज के अन्य वर्गों के लिए भी अच्छी खबरें दी जाएंगी।

Next Story