Rajasthan Elections 2023: वैभव गहलोत ने फेमा मामले में पेश होने के लिए ईडी से मांगा 30 अक्टूबर तक का समय
Rajasthan Elections 2023: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे और कांग्रेस नेता वैभव गहलोत को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने फेमा मामले में तलब किया था। वह शुक्रवार को एजेंसी के सामने पेश नहीं होंगे और उन्होंने 30 अक्टूबर तक का समय मांगा है।

Rajasthan Assembly Elections 2023: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत (Ashok Gehlot son Vaibhav Gehlot) आज यानी 27 अक्टूबर को प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने पेश नहीं होंगे। उन्होंने केंद्रीय एजेंसी से 30 अक्टूबर तक का समय मांगा है। ED ने विदेशी मुद्रा प्रबंध अधिनियम (FEMA) के कथित उल्लंघन से संबंधित एक मामले में पूछताछ के लिए वैभव गहलोत को तलब किया है। सूत्रों ने बताया कि वैभव गहलोत को शुक्रवार 27 अक्टूबर को जयपुर या नई दिल्ली में एजेंसी के कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया था। वैभव गहलोत ने ED को पत्र लिखकर उसके सामने पेश होने के लिए और समय मांगा है।
इस समन का संबंध राजस्थान स्थित आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े समूह 'ट्राइटन होटल्स एंड रिसॉर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, 'वर्धा एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड' और इसके निदेशकों एवं प्रमोटर शिव शंकर शर्मा, रतन कांत शर्मा और अन्य के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय द्वारा हाल में मारे गए छापों से है। एजेंसी ने अगस्त में तीन दिनों तक जयपुर, उदयपुर, मुंबई और दिल्ली में समूह और उसके प्रमोटर से जुड़े परिसर पर छापे मारे थे।
इस छापेमारी के बाद प्रवर्तन निदेशालय ने 1.2 करोड़ रुपये की आय के ज्ञात स्रोत से अधिक नकदी जब्त की थी। ऐसा बताया जा रहा है कि वैभव गहलोत के साथ रतन कांत शर्मा के संबंध प्रवर्तन निदेशालय की जांच के दायरे में हैं और वैभव से फेमा के तहत पूछताछ किए जाने और उनका बयान दर्ज किए जाने की संभावना है।
सीएम ने बोला हमला
सीएम अशोक गहलोत ने गुरुवार को कहा कि प्रवर्तन निदेशालय छापेमारी की कार्रवाई इसलिए कर रहा है, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) नहीं चाहती कि राज्य की महिलाओं, किसानों और गरीबों को कांग्रेस द्वारा दी गई गारंटी का लाभ मिले। ED ने राजस्थान में कथित परीक्षा पत्र लीक मामले में गुरुवार को कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और दौसा की महुआ सीट से कांग्रेस प्रत्याशी और निर्दलीय विधायक ओमप्रकाश हुड़ला के परिसरों पर छापे मारे।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "दिनांक 25-10-23 को राजस्थान की महिलाओं के लिए कांग्रेस ने 'गारंटी' की घोषणाएं कीं। दिनांक 26-10-23 को कांग्रेस की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के परिसरों पर ईडी का छापा पड़ा। मेरे बेटे वैभव गहलोत को ईडी के समक्ष पेश होने का समन जारी किया गया।"
उन्होंने कहा, "अब आप वह समझ सकते हैं, जो मैं कहता आ रहा हूं कि राजस्थान में ईडी की छापेमारी रोजाना इसलिए होती है क्योंकि भाजपा यह नहीं चाहती कि राजस्थान में महिलाओं, किसानों, गरीबों को कांग्रेस द्वारा दी जा रही गारंटी का लाभ मिल सके।"
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की बुधवार को झुंझुनू में एक रैली के दौरान मुख्यमंत्री गहलोत ने राज्य में दोबारा कांग्रेस की सरकार बनने पर दो गारंटी की घोषणाएं की थीं। उन्होंने कहा कि 1.05 करोड़ परिवारों के लिए 500 रुपये की दर से रसोई गैस सिलेंडर और परिवार की महिला मुखिया को 10-10 हजार रुपये सालाना बतौर सम्मान राशि दिए जाएंगे।
