PM मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन: GST, अमेरिकी टैरिफ या फिर 'आत्मनिर्भर भारत'? कांग्रेस ने दागे तीखे सवाल
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 5 बजे देश को संबोधित करने वाले हैं...

नई दिल्ली। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 5 बजे देश को संबोधित करने वाले हैं। उनके इस संबोधन को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। जहां एक तरफ कांग्रेस पार्टी ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधा है, वहीं अमेरिका से भारत पर लगाए गए टैरिफ और H-1B वीजा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। माना जा रहा है कि, पीएम मोदी इन सभी मुद्दों पर अपनी बात रख सकते हैं।
कांग्रेस ने दागे सवाल
पीएम मोदी के संबोधन से पहले, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर एक पोस्ट के जरिए प्रधानमंत्री पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने सवाल पूछा है कि, क्या पीएम मोदी अमेरिका के साथ बिगड़ते रिश्तों, H-1B वीजा धारकों की परेशानियों और अमेरिकी टैरिफ से प्रभावित हो रहे किसानों व मजदूरों के बारे में बात करेंगे? जयराम रमेश ने यह भी कहा कि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बार-बार 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर दावा कर रहे हैं कि उन्होंने अमेरिका के बढ़ते व्यापार का फायदा उठाकर इसे रुकवाया, जबकि ऐसा नहीं है। उन्होंने पूछा कि क्या प्रधानमंत्री इन दावों पर अपनी प्रतिक्रिया देंगे?
आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी पर जोर
अमेरिकी टैरिफ के बाद से पीएम मोदी लगातार 'स्वदेशी' को बढ़ावा देने और 'आत्मनिर्भर भारत' बनाने का आह्वान कर सकते हैं। बीते शनिवार को गुजरात में एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा था कि, "हमारा सबसे बड़ा दुश्मन दूसरे देशों पर हमारी निर्भरता है।" उन्होंने यह भी कहा कि, "100 दुखों की एक ही दवा है, और वह है आत्मनिर्भर भारत।" ऐसे में, यह माना जा रहा है कि, प्रधानमंत्री अपने संबोधन में एक बार फिर इसी मुद्दे पर जोर दे सकते हैं।
GST 2.0 पर भी मिल सकती है खुशखबरी
पीएम मोदी का यह संबोधन नवरात्रि की पूर्व संध्या पर हो रहा है और इसी दिन से देश में GST 2.0 की नई दरें भी लागू होंगी। सरकार जीएसटी में किए गए सुधारों को एक 'त्योहारी उपहार' के रूप में पेश कर रही है।
नई दरों के तहत अब सिर्फ 5% और 18% के दो GST स्लैब ही रहेंगे। 12% और 28% के स्लैब को खत्म कर दिया गया है। 12% वाले ज्यादातर उत्पाद अब 5% के स्लैब में आ गए हैं, और 28% वाले ज्यादातर उत्पाद 18% के स्लैब में शामिल हो गए हैं। कई चीजों पर GST रेट शून्य कर दिया गया है, जिससे वे बहुत सस्ती हो जाएंगी। ऐसे में, यह पूरी संभावना है कि पीएम मोदी अपने संबोधन में इन GST सुधारों पर विस्तार से बात करें और जनता को इनकी जानकारी दें।
हालांकि, उनके संबोधन का विषय क्या होगा, इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। आपको बता दें कि, पिछले साल, 12 मई को पीएम मोदी ने राष्ट्र के नाम संबोधन में पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत की जवाबी कार्रवाई 'ऑपरेशन सिंदूर' के बारे में जानकारी दी थी। अब देखना यह है कि, इस बार पीएम मोदी किन मुद्दों पर देश से बात करते हैं।
