Begin typing your search above and press return to search.

Photo गंगा विलास क्रूज : पीएम नरेंद्र मोदी ने वाराणसी को दी गंगा विलास क्रूज की सौगात, 3200 km के सफर पर रवाना हुआ क्रूज

Photo गंगा विलास क्रूज : पीएम नरेंद्र मोदी ने वाराणसी को दी गंगा विलास क्रूज की सौगात, 3200 km के सफर पर रवाना हुआ क्रूज
X
By NPG News

NPG ब्यूरो। पीएम नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वाराणसी को गंगा विलास क्रूज और 5 स्टार टेंट सिटी की सौगात दी। पीएम मोदी ने एक वर्चुअल कार्यक्रम में उद्घाटन किया। इसके साथ ही गंगा विलास क्रूज विश्व की सबसे लंबी रिवर क्रूज यात्रा के लिए रवाना हो गया। यह सफर 3200 किलोमीटर का होगा। गंगा विलास क्रूज वाराणसी से असम के डिब्रूगढ़ तक सफर करेगा।


इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि गंगा हमारे लिए सिर्फ एक जलधारा नहीं, बल्कि भारत की तपस्या की साक्षी है। इससे बड़ा दुर्भाग्य क्या हो सकता है कि गंगा किनारे विकास के बजाय पिछड़ते चले गए। इस कारण ही गंगा के किनारे से लाखों लोगों ने पलायन किया। पीएम ने बताया कि इसी कारण नमामि गंगे अभियान शुरू किया। इससे पहले पीएम ने हर-हर महादेव से अपने संबोधन की शुरुआत की।


पीएम मोदी ने कहा, क्रूज में सवार विदेशी टूरिस्ट साथियों से कहूंगा कि भारत के पास सब कुछ है। इंडिया को शब्दों में परिभाषित नहीं किया जा सकता है। इसे अनुभव किया जा सकता है। हिंदुस्तान के धर्म, कला, संस्कृति, पर्यावरण, नदियों और समृद्ध खानपान से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।


उन्होंने कहा, गंगा विलास क्रूज जहां से गुजरेगा वहां विकास की नई लाइन तैयार करेगा। शहरों के बीच लंबी रिवर क्रूज यात्रा के अलावा हम छोटे क्रूज को भी बढ़ावा देंगे। इसके लिए सुविधाएं विकसित की जा रही है। नदी जल मार्ग अब भारत का नया सामर्थ्य बनेगा। गंगा पर बन रहा राष्ट्रीय जलमार्ग पूरे देश के लिए एक मॉडल की तरह विकसित हो रहा है। ये राष्ट्रीय जलमार्ग ट्रांसपोर्ट, ट्रेड और टूरिज्म के लिए एक महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।


पीएम ने बताया कि 2014 से पहले देश में वॉटर-वे का थोड़ा-बहुत ही उपयोग था, जबकि यहां वॉटर-वे का पुरातन इतिहास था। 2014 के बाद हमने देश की बड़ी नदियों में जलमार्ग के विकास के लिए कानून बनाए। 2014 में 5 राष्ट्रीय जलमार्ग देश में थे। आज 24 राज्यों में 111 जलमार्गों को विकसित करने पर काम हो रहा है।

Next Story