Begin typing your search above and press return to search.

Parliament Monsoon Session: विपक्ष का संसद में हंगामा, बजट पर भेदभाव का आरोप

Parliament Monsoon Session: संसद के मॉनसून सत्र में विपक्षी गठबंधन 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (I.N.D.I.A.)' के घटक दलों के सांसदों ने बुधवार को केंद्रीय बजट में विपक्षी शासित राज्यों के साथ किए गए कथित "भेदभाव और अन्याय" के खिलाफ संसद भवन परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया।

Parliament Monsoon Session: विपक्ष का संसद में हंगामा, बजट पर भेदभाव का आरोप
X
By Ragib Asim

Parliament Monsoon Session: संसद के मॉनसून सत्र में विपक्षी गठबंधन 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (I.N.D.I.A.)' के घटक दलों के सांसदों ने बुधवार को केंद्रीय बजट में विपक्षी शासित राज्यों के साथ किए गए कथित "भेदभाव और अन्याय" के खिलाफ संसद भवन परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन में राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई अन्य विपक्षी दलों के सांसद शामिल हुए।

बजट पर विपक्ष का आरोप

विपक्षी सांसदों ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरोप लगाया कि यह बजट जनविरोधी है। उन्होंने कहा, "बिहार और आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा नहीं मिला है। किसी को न्याय नहीं मिला है।"

सरकार का पक्ष

केंद्रीय बजट पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, "बजट शानदार है और सभी ने इसका स्वागत किया है। विपक्ष गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। 11 लाख 11 हजार 111 करोड़ रुपये का आवंटन पूरे देश के लिए है, न कि सिर्फ 1-2 राज्यों के लिए।"

विपक्ष का विरोध

खड़गे के आवास पर मंगलवार शाम I.N.D.I.A. गठबंधन के घटक दलों के नेताओं की बैठक में संसद के भीतर और बाहर विरोध जताने का फैसला किया गया था। कांग्रेस के केसी वेणुगोपाल ने कहा था कि 27 जुलाई को नीति आयोग की बैठक का कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री बहिष्कार करेंगे। द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) के अध्यक्ष एम. के. स्टालिन और कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने भी इस बैठक का बहिष्कार करने की घोषणा की थी।

किसने क्या कहा?

  • संजय राउत (शिवसेना UBT): "बजट देश का होता है, यह देश का बजट नहीं है। बजट सरकार बचाने के लिए नहीं होता है।"
  • जया बच्चन (समाजवादी पार्टी): "हम चाहते हैं कि वे (केंद्र) सच बोलें और युवाओं को गुमराह न करें। उन्होंने राज्यों को भी गुमराह किया है। बिहार को कुछ नहीं मिला है।"
  • राजीव शुक्ला (कांग्रेस): "बजट में सभी राज्यों को छोड़ दिया गया है और सिर्फ दो राज्यों पर ध्यान केंद्रित किया गया है।"
  • मल्लिकार्जुन खड़गे (कांग्रेस अध्यक्ष): "यह बजट सिर्फ अपने सहयोगियों को संतुष्ट करने के लिए है। उन्होंने किसी को कुछ नहीं दिया।"
  • रणदीप सुरजेवाला (कांग्रेस): "यह मोदी जी का कुर्सी बचाओ बजट है। 90% राज्य और लोग इस बजट से अलग-थलग हो गए हैं।"
  • प्रियंका चतुर्वेदी (शिवसेना UBT): "यह विरोध बजट में भेदभाव के खिलाफ है। सभी विपक्षी शासित राज्यों को नजरअंदाज किया गया है।"
  • अखिलेश यादव (सपा प्रमुख): "समर्थन मूल्य किसान को नहीं मिल रहा है। उत्तर प्रदेश को बड़े सपने दिखाए थे, लेकिन कुछ नहीं मिला।"

संसद में बजट पर चर्चा के बीच विपक्ष ने सरकार पर भेदभाव और अन्याय के आरोप लगाए हैं। सरकार ने आरोपों को खारिज करते हुए बजट को देश के विकास के लिए बताया है। फिलहाल, संसद का मॉनसून सत्र हंगामे के बीच जारी है।

Ragib Asim

Ragib Asim is a seasoned News Editor at NPG News with 15+ years of excellence in print, TV, and digital journalism. A specialist in Bureaucracy, Politics, and Governance, he bridges the gap between traditional reporting and modern SEO strategy (8+ years of expertise). An alumnus of Jamia Millia Islamia and Delhi University, Ragib is known for his deep analytical coverage of Chhattisgarh’s MP administrative landscape and policy shifts. Contact: [email protected]

Read MoreRead Less

Next Story