Pani Puri Google Doodle: गूगल के डूडल में पानी पूरी का जलवा, पढ़िए पानी पूरी के बारे में रोचक बातें, पानी पूरी का किसने किया अविष्कार
Pani Puri Google Doodle: आज गूगल के डूडल में भारतियों की पसंदीदा पानीपूरी छाई हुई है। डूडल में इसे एक गेम के रूप में पेश किया गया है। 'पानीपूरी' ...इसके बारे में क्या कहा जाए! मुंह में जाते ही फूटने और अजब संतुष्टि देने वाला एक ऐसा स्ट्रीटफूड जिसके दीवाने अमूमन हर घर में हैं।

Pani Puri Google Doodle: आज गूगल के डूडल में भारतियों की पसंदीदा पानीपूरी छाई हुई है। डूडल में इसे एक गेम के रूप में पेश किया गया है। 'पानीपूरी' ...इसके बारे में क्या कहा जाए! मुंह में जाते ही फूटने और अजब संतुष्टि देने वाला एक ऐसा स्ट्रीटफूड जिसके दीवाने अमूमन हर घर में हैं। किसी को इसका खट्टा-तीखा टेस्ट पसंद है तो किसी को मीठा, या फिर... कितने नाम गिनाएं, अब इसकी वैराइटी ही इतनी मिलने लगी हैं, लेकिन हर रूप में ये कमाल है। तभी तो इसके चाहने वालों में न अमीर- गरीब का भेद है न देशी- विदेशी का। हाल ही में पीएम मोदी ने भारत की यात्रा पर आए जापानी प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा को भी दिल्ली में पानीपूरी खिलाई थी और उन्होंने बहुत शौक से और ले कर खाई थी। तो आइए हर दिल अज़ीज पानीपूरी के बारे में बहुत सी इंटरेस्टिंग बातें जानते हैं।
सबसे पहले द्रोपदी ने बनाई थी पानी पूरी
सुनकर ही हैरानी होती है न! पौराणिक कथा के अनुसार पानीपुरी का आविष्कार महाभारत काल में हुआ था। जैसा कि आप जानते होंगे कि हिंदुओं में नई बहू अपनी पहली रसोई में पति और ससुराल वालों को अपने हाथ से कुछ खास बना कर खिलाती है। ऐसे में माता कुंती ने द्रोपदी से कहा कि वे कुछ ऐसा बनाएं, जिससे पांडवों का पेट भर जाए। तब द्रोपदी ने विचार किया और पानी पूरी बनाकर परोसी। इसे खाकर न केवल पांडवों का पेट भरा, बल्कि वे बहुत तृप्त भी हुए। तबसे द्रोपदी को पानीपूरी का अविष्कारक माना जाता है।
क्या मगध से शुरू हुआ चलन?
यह भी कहा जाता है कि पानीपुरी का चलन सबसे पहले मगध (वर्तमान समय में दक्षिण बिहार) से शुरू हुआ था। सबसे पहले पानी पूरी शब्द 1955 में दर्ज किया गया। वहीं गोलगप्पा शब्द 1951 में दर्ज किया गया है।
पानी पूरी के हैं इतने नाम
पानी पुरी को अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग नामों से पुकारा जाता है।
ओडिशा, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, हैदराबाद और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में इसको गुप-चुप के नाम से जाना जाता है। बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में कुछ स्थानों पर इसे फुचका के रूप में जाना जाता है। नई दिल्ली, पंजाब, जम्मू और कश्मीर, हरियाणा, मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में गोल गप्पे के रूप में जाना जाता है। उत्तर प्रदेश में पानी के बताशे और पड़ाके के नाम से जाना जाता है। उत्तर प्रदेश, गुजरात और नेपाल में पानी पूरी को 'फुल्की' के रूप में भी जाना जाता है। गुजरात के कुछ हिस्सों में इसे पकौड़ी भी कहा जाता है। इसके और भी कई नाम हो सकते हैं।
एक से बढ़कर एक है पानी पूरी के प्रकार
पानी पूरी में आमतौर पर आटे या सूजी की
क्रंची फुलकी-सी होती है जिसमें आलू के साथ मसालों, चने, प्याज, सेव आदि की फिलिंग की जाती है। आखिर में इसे खाने वाले की रुचि के अनुसार खट्टे पानी, मीठे दही या चटनी से भरकर पेश किया जाता है। और सच तो ये है कि इसे बनते देखते ही पानीपूरी लवर्स के मुंह में पानी आने लगता है। आजकल इतने टाइप की पानीपूरी मिलने लगी है कि आप नाम सुनकर भी हैरान हो जाएंगे। कुछ खास के बारे में आप को बताते हैं।
खट्टे पानी वाली पानी पूरी
पानी पूरी का सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला टेस्ट है इसका पुदीने और खटाई वाला मसालेदार पानी। सबसे ज्यादा डिमांड इसी की होती है। स्टफ्ड पानीपूरी को इस खट्टे पानी में डुबोकर पेश किया जाता है।
इमली की मीठी चटनी वाली पानी पूरी
बहुत से लोग इमली की मीठी चटनी वाली पानीपूरी खाना पसंद करते हैं। इसमें खट्टे पानी के साथ इमली की मीठी चटनी मिलाई जाती है।
दही पानी पूरी
मीठे दही और मसालों की फिलिंग वाली पानीपूरी भी आमतौर पर बहुत पसंद की जाती है।
कोलकाता की क्रीमी बटर ग्रेवी पानी पूरी
कोलकाता में कुरकुरी पानीपूरी या पुचका को क्रीमी बटर ग्रेवी और मैगी के साथ भरा जाता है। ऊपर से पनीर क्रश करके डालते हैं।
जयपुर की पिज़्ज़ा पानी पूरी
जयपुर में पनीर और पिज़्ज़ा सॉस से भरी पानीपूरी मिलती है। इसके शौकीनों की भी कमी नहीं।
मुंबई में चाय पानी पूरी
मुंबई में पानीपूरी को पेपरमिंट चाय और पारंपरिक भरावन के साथ भी परोसा जाता है।
आइसक्रीम पानी पूरी
इस पानीपूरी में गोलगप्पे को आइसक्रीम से भर दिया जाता है। फिर इसे व्हीप्ड क्रीम में डुबाया जाता है और आखिर में रंग बिरंगे स्प्रिंकलर से सजा कर परोसा जाता है। मुंबई में यह खूब पसंद की जाती है।
फायर पानी पूरी
नागपुर की फायर पानीपूरी भी बहुत फेमस है। इसमें आलू की स्टाफिंग के साथ बेहद तीखी खट्टी चटनी, मीठी चटनी, दही, सेव, नारियल बुरादा आदि भरा जाता है। इसे ऊपर से गुलकंद से सजाया जाता है।
वोदका पानी पुरी
आपको शायद भरोसा न हो लेकिन मुंबई में वोदका भरकर भी पानीपूरी परोसी जाती है। और इसकी अच्छी खासी डिमांड है।
एटीएम वाली पानी पूरी
गुजरात में एटीएम जैसी मशीन से पानीपूरी ली जा सकती है। अब बैंगलुरु समेत देश की कई जगहों पर ऐसी वेडिंग मशीनें हैं जिसमें आपको मशीन में पैसे डालने हैं और आपको कुछ ही सेकंड में पानीपूरी की प्लेट मिल जाएगी। ऐसे ही हींग वाला पानी, मीठा पानी, जीरा पानी, लहसुन पानी आदि इसके अनेक तरीके के टेस्ट पसंद किए जाते हैं। आपको जानकर खुशी होगी कि डाॅक्टर कहते हैं कि अगर पानीपूरी की फुलकियां और पानी दोनों ही घर में साफ-सफाई का ध्यान रखकर बनाई जाएं तो ये हेल्थ के लिए भी बहुत अच्छी हैं। इन्हें खाकर वेट भी कम किया जा सकता है क्योंकि काफी देर तक पेट भरा रहता है। शायद इसलिए ये ओलंपियन नीरज चोपड़ा की भी फेवरेट हैं।