छठ पूजा पर सियासी घमासान! AAP और BJP में छिड़ा 'केमिकल पॉलिटिक्स' क्या दिल्ली में यमुना की सफाई के सारे दावे हुए फेल?

NPG FILE PHOTO
नई दिल्ली। छठ पूजा बेहद नजदीक है, जिसे लेकर देश भर में इस पर्व को मनाने वाले उत्तर भारतीय और बिहार के लोगों में काफी उत्साह बढ़ता जा रहा है। जिसे देखते हुए, दिल्ली में छठ पूजा को ध्यान में रखते हुए यमुना नदी की सफाई का काम तेज़ी से जारी है। नदी में जमा झाग को खत्म करने के लिए डिफॉमर(Defoamer) और एंटीफोम एजेंट्स (Antifoam Agent) का इस्तेमाल किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि, यह कदम नदी के जल की सतह पर बनने वाले झाग को अस्थायी रूप से कम करने के लिए उठाया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान परेशानी न हो।
इस रासायनिक तरीके पर सवाल उठाते हुए आम आदमी पार्टी के नेता संजीव झा ने कहा कि, 'झाग को हटाने के लिए केमिकल डालना स्थायी समाधान नहीं है, और इससे यमुना का प्रदूषण खत्म नहीं होगा।' उन्होंने अपने एक्स (X) अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें यमुना में बड़ी मात्रा में Defoamer Concentrate नामक केमिकल मिलाते हुए दिखाया गया है। वीडियो में यमुना किनारे एक बड़ा कंटेनर नजर आ रहा है, जिसमें मजदूर नीले रंग के छोटे-छोटे ड्रम उतारते दिख रहे हैं। उन ड्रमों पर ‘Defoamer Concentrate’ लिखा हुआ है।
3 साल पहले, जब यही डी फार्मर कंसंट्रेट इस्तेमाल हुआ था, तब भारतीय जनता पार्टी के नेता प्रवेश वर्मा ने कैमरे के सामने खड़े होकर कहा था — "यमुना में ज़हर मिलाया जा रहा है!"
— Sanjeev Jha (@Sanjeev_aap) October 15, 2025
और उस वक्त खूब ड्रामा किया गया, जनता को गुमराह किया गया।
आज, दिल्ली में भाजपा सरकार है, और वही प्रवेश वर्मा… https://t.co/PwTdboWoUN pic.twitter.com/csRPLGoedL
संजीव झा ने सवाल उठाते हुए कहा कि, यह तरीका न केवल यमुना के प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र को नुकसान पहुंचा सकता है, बल्कि इससे प्रदूषण का स्थायी समाधान भी नहीं होगा। इसी मुद्दे पर AAP नेताओं ने भाजपा और खासकर परवेश वर्मा पर निशाना साधा है। उनका आरोप है कि, केंद्र और एमसीडी की जिम्मेदारी होने के बावजूद यमुना की वास्तविक सफाई की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। वीडियो में संजीव झा कहते हैं, “ये केमिकल यमुना में झाग को खत्म करने के लिए डाला जाता है। मैं ये इसलिए दिखा रहा हूं क्योंकि दिल्ली में भाजपा की सरकार है और परवेश वर्मा मंत्री हैं। ये वही परवेश वर्मा हैं, जो इसी केमिकल के मिलाए जाने पर तीन साल पहले कह रहे थे कि यमुना में ज़हर मिलाया जा रहा है। उस वक्त उन्होंने खूब ड्रामा किया था।”
विधायक ने आगे कहा, “मैं परवेश वर्मा से पूछना चाहता हूं कि अब बताएं- ये ज़हर है या नहीं? अगर ज़हर है तो इसे क्यों डाला जा रहा है?” उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि “यह भाजपा का दोहरा और लोगों को बेवकूफ बनाने वाला चरित्र है। तीन साल पहले यही Defoamer Concentrate एक ज़हर था, लेकिन आज वही परवेश वर्मा इसे डलवा रहे हैं।”
आम आदमी पार्टी के विधायक संजीव झा द्वारा साझा किए गए वीडियो के बाद अब अक्टूबर 2022 का एक पुराना वीडियो भी फिर से चर्चा में आ गया है। यह वीडियो उस समय का है जब छठ पूजा से पहले यमुना की सफाई के दौरान इसी Defoamer के इस्तेमाल को लेकर विवाद हुआ था। इस वीडियो को आम आदमी पार्टी के दिल्ली अध्यक्ष और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने शेयर किया था। वीडियो में उस वक्त पश्चिमी दिल्ली के सांसद परवेश वर्मा सफाई स्थल पर मौजूद अधिकारियों पर गुस्सा करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में परवेश वर्मा कहते हुए नजर आते हैं, “तेरे सर पर डाल दूं ये केमिकल? तुझे शर्म नहीं आती? यहां लोग डुबकी लगाने आते हैं, चल तू पहले डुबकी लगा यहां!”
उनके तीखे सवालों पर जब एक अधिकारी ने जवाब दिया कि, “आप इतना गुस्सा क्यों कर रहे हैं? ये केमिकल अप्रूव्ड है,” तो परवेश वर्मा और भी नाराज़ हो गए थे। उस समय भाजपा नेताओं ने यमुना में डाले जा रहे Defoamer को “ज़हर” बताया था और इसे लेकर दिल्ली सरकार की तीखी आलोचना की थी। वहीं, अब इस वीडियो को साझा करते हुए आम आदमी पार्टी के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भाजपा और परवेश वर्मा पर तीखा हमला बोला है।
पहले @ArvindKejriwal जी की सरकार में यही परवेश वर्मा DJB के इंजीनियर से बदतमीज़ी करके धमकाते थे । केमिकल को ज़हर बोलकर दिल्ली वालों को गुमराह करते थे ।
— Saurabh Bharadwaj (@Saurabh_MLAgk) October 3, 2025
इस बार छठ से पहले इनका विभाग भी केमिकल डालकर झाग हटाएगा । अब कोई ज़हर नहीं है ।
ऐसे घटिया मानसिकता वाले लोगों को क्या कहेंगे… pic.twitter.com/arST34NU4c
उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि, “इनसे बड़ा झूठा और धोखेबाज़ कोई नहीं। पहले जो परवेश वर्मा दिल्ली की छठ ख़राब करने के लिए अफसरों से बदतमीज़ी करते थे, काम रोकते थे, केमिकल को ज़हर बताते थे, अब इनकी सरकार और इनका मंत्रालय वही केमिकल यमुना में डाल रहा है।”
सौरभ भारद्वाज ने आगे लिखा कि, “भाजपा को पता है कि, यमुना में झाग केमिकल से ही हटेंगे, इसलिए अब वही Defoamer डाला जा रहा है। जब केजरीवाल सरकार थी, तब इसी केमिकल को ‘ज़हर’ बताया जाता था।” उन्होंने कहा कि, भाजपा जनता को गुमराह करने और धार्मिक भावनाओं को भड़काने की राजनीति करती रही है, जबकि अब वही कदम खुद उठा रही है जो पहले ‘गलत’ बताया जाता था।
सीएम गुप्ता ने किया पलटवार
इधर, विपक्ष के इन दावों और बयानों को खारिज करते हुए दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने आज कहा कि, मैं विपक्ष के झूठे आरोपों का जवाब देना चाहती हूं। उन्होंने कहा कि, कालिंदी कुंज घाट पर एक लैब स्थापित की गई है, जो लगातार पानी की गुणवत्ता की जांच कर रही है। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, हमें यह बताते हुए खुशी है कि आज दिल्ली में यमुना जी बह रही है, उसमें ऑक्सीजन लेवल की मात्रा बड़ी है और वह 4.75 है, इसका अर्थ यह है की नदी के अंदर जल जीव जंतु जिंदा रह सकते हैं जबकि पहले ऐसे हालात बिल्कुल भी नहीं थे. आज अमोनिया की मात्रा भी काफी कम है।
इसके आलावा कहा कि, आज यमुना नदी के पानी में फास्फेट की भी मात्रा काफी कम है, जिसकी वजह से सफेद झाग नहीं बन रहे हैं। दिल्ली में जिस तरह से काम हुए हैं, दिल्ली सरकार के काम का असर देखने को मिल रहा है। रोजाना स्थिति में सुधार हो रहा है। सीएम गुप्ता ने कहा कि, यमुना की सफाई पहले कभी नहीं होती थी। दिल्ली में भाजपा की सरकार बनते ही लगातार यमुना की सफाई के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। आज जो यमुना की स्थिति में सुधार हुआ है, सरकार और दिल्ली जल बोर्ड के प्रयास के कारण यह तस्वीर देखने को मिल रही है।
डिफोमर कंसन्ट्रेट क्या होता है?
आपको बताते चलें कि, “Defoamer” या “Antifoam Agent” ऐसे रासायनिक पदार्थ होते हैं, जो तरल पदार्थों में बनने वाले झाग को बनने से रोकते हैं या पहले से बने झाग को खत्म कर देते हैं। सामान्य परिस्थितियों में, यदि इसे संतुलित मात्रा में और निर्धारित मानकों के अनुसार इस्तेमाल किया जाए, तो यह हानिकारक नहीं माना जाता है।
पर्यावरण विशेषज्ञों का कहना है कि, झाग कम करने के लिए इन केमिकल्स का सीमित उपयोग कई औद्योगिक और शोधन प्रक्रियाओं में किया जाता है, लेकिन अति प्रयोग से जलजीवों और पारिस्थितिकी पर असर पड़ सकता है।
