Nafe Singh Rathi Murder: दर्जनों राउंड की गोलीबारी, बॉडी गार्ड की भी मौत, जानिए कौन थे INLD हरियाणा प्रमुख नफे सिंह राठी
Nafe Singh Rathi Murder: हरियाणा में इंडियन नेशनल लोक दल (INLD) के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। उनकी हत्या का शक लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर है।

Nafe Singh Rathi Murder: हरियाणा में इंडियन नेशनल लोक दल (INLD) के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। उनकी हत्या का शक लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर है। नफे सिंह पर झज्जर जिले में दिन-दिहाड़े अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं और फिर मौके से फरार हो गए। मामले में पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की गई है। आइए जानते हैं कि नफे सिंह कौन थे और इस हत्याकांड में अब तक क्या-क्या हुआ।
कौन थे नफे सिंह राठी?
पूर्व विधायक नफे सिंह एक कद्दावर जाट नेता थे। 2014 में INLD से टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी। इसके बाद वे थोड़े समय के लिए भाजपा में शामिल हो गए थे, लेकिन भाजपा ने भी उन्हें टिकट नहीं दिया तो उन्होंने निर्दलीय ही चुनाव लड़ा।2018 में उन्होंने INLD में वापसी कर ली थी। वह 2 बार बहादुरगढ़ नगर परिषद के चेयरमैन और 2 बार भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के अध्यक्ष भी रहे।
नफे सिंह विवादों में भी घिरे थे। पिछले साल भाजपा के पूर्व मंत्री मांगे राम राठी के बेटे जगदीश राठी की आत्महत्या मामले में उन्हें मुख्य आरोपी बनाया गया था और वह बड़ी मुसीबत में फंस गए थे। उनके खिलाफ पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया था। जगदीश के परिवार का आरोप था कि नफे सिंह ने संपत्ति से जुड़े मामले में उन्हें परेशान किया और उन्होंने अपनी जान दे दी।
कैसे की गई नफे सिंह की हत्या?
नफे सिंह पर रविवार शाम करीब 5:00 बजे बहादुरगढ़ में एक रेलवे फाटक पर हमला हुआ। वह अपनी कार में आगे की सीट पर बैठे थे और उनका भतीजा गाड़ी चला रहा था, जबकि उनके 3 सुरक्षाकर्मी पीछे बैठे थे। इसी दौरान एक कार में आए अज्ञात हमलावरों ने पीछे से उनकी फॉर्च्यूनर कार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। हमले में नफे सिंह और उनके एक सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई और 2 अन्य सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं।
हरियाणा पुलिस के अनुसार, 4 हमलावरों ने नफे सिंह की कार पर अत्याधुनिक हथियारों से ताबड़तोड़ फायरिंग की और प्रतीत होता है कि इस पूरे हत्याकांड को हमलावरों ने पूरी योजना बनाकर अंजाम दिया। अधिकारियों का कहना है कि करीब 20 राउंड फायरिंग हुई और हमलावरों के निशाने पर नफे सिंह थे। उन्हें संदेह है कि इस हत्या के पीछे गैंगस्टर बिश्नोई और उसके करीबी सहयोगी काला जत्थेदी का हाथ हो सकता है।
किस पर लग रहा हत्या करवाने का आरोप?
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में 12 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है, जिनमें 7 लोग नामजद हैं। इनमें पूर्व विधायक नरेश कौशिक, चेयरमैन सरोज राठी के पति रमेश राठी, चाचा ससुर कर्मवीर राठी, देवर कमल राठी, पूर्व मंत्री मांगेराम राठी के पुत्र सतीश राठी, पोते गौरव और राहुल का नाम है।। आरोपियों के खिलाफ IPC की धारा 147, 148, 149, 307, 302, 120B और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
INLD महासचिव अभय सिंह चौटाला ने पार्टी नेता नफे सिंह हत्या के लिए हरियाणा सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि नफे सिंह ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन उन्हें सुरक्षा नहीं दी गई। उन्होंने घटना को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और गृह मंत्री अनिल विज के इस्तीफे की मांग की है। इस बीच हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पटरी से उतर चुकी है।
