Medical Negligence News: ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट में ही छोड़ दिया नैपकिन, अस्पताल की लापरवाही से ICU में पहुंची मरीज,जानिए कैसे हुआ खुलासा?
Khargone Medical Negligence: मध्य प्रदेश के खरगोन जिला अस्पताल में बड़ी मेडिकल लापरवाही। सर्जरी के दौरान महिला के पेट में छोड़ा सर्जिकल नैपकिन। इंदौर में हुई दूसरी सर्जरी, महिला ICU में।

फोटो AI
खरगोन/इंदौर 4 अप्रैल 2026। मध्य प्रदेश के खरगोन जिला अस्पताल (Khargone District Hospital) में एक बेहद गंभीर और जानलेवा मेडिकल लापरवाही (Medical Negligence) का मामला सामने आया है। यहां एक महिला की सर्जरी के दौरान डॉक्टर ने उसके पेट के अंदर ही सर्जिकल नैपकिन (कपड़ा) छोड़ दिया। तबीयत बिगड़ने पर महिला को इंदौर रेफर किया गया जहां दूसरी सर्जरी कर नैपकिन बाहर निकाला गया। फिलहाल महिला इंदौर के एक अस्पताल के ICU वार्ड में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।
कैसे हुई लापरवाही और इंदौर में खुलासा?
जानकारी के अनुसार सेल्दा निवासी मनीषा घोड़माड़े की 17 मार्च को खरगोन जिला अस्पताल में सर्जरी हुई थी। यह ऑपरेशन डॉ. मोहित गुप्ता ने किया गया था। सिविल सर्जन के मुताबिक ऑपरेशन के बाद महिला को ठीक होने पर डिस्चार्ज भी कर दिया गया था। लेकिन कुछ दिनों बाद जब मनीषा की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी तो घबराए परिजन उसे इलाज के लिए इंदौर के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां मेडिकल जांच और परीक्षण के दौरान डॉक्टर और परिवार वाले यह देखकर हैरान रह गए कि महिला के पेट में एक सर्जिकल नैपकिन फंसा हुआ था।
दूसरी सर्जरी से निकाला गया नैपकिन, महिला ICU में
इंदौर के डॉक्टरों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक और सर्जरी करने का फैसला किया। ऑपरेशन कर उस फंसे हुए नैपकिन को पेट से बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि इस भारी चूक और संक्रमण के कारण महिला की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उसे क्रिटिकल केयर (ICU) में रखा गया है। इस घटना ने खरगोन की सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
खरगोन प्रशासन का एक्शन: 3 डॉक्टरों की जांच टीम गठित
जैसे ही यह चौंकाने वाला मामला सामने आया, खरगोन स्वास्थ्य विभाग (Health Department) में हड़कंप मच गया। खरगोन जिला अस्पताल की सिविल सर्जन डॉ. राजकुमारी देवड़ा ने इस घटना की पुष्टि की है और इसे एक अत्यंत गंभीर लापरवाही करार दिया है। उन्होंने तत्काल प्रभाव से इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए तीन वरिष्ठ डॉक्टरों की एक विशेष टीम (Probe Committee) गठित कर दी है।
रिपोर्ट के आधार पर होगी सख्त कार्रवाई
डॉ. राजकुमारी देवड़ा ने स्पष्ट किया है कि गठित की गई टीम इस बात की बारीकी से जांच करेगी कि ऑपरेशन थिएटर (Operation Theatre) के भीतर मेडिकल प्रोटोकॉल का उल्लंघन कैसे हुआ। जांच टीम इस जानलेवा लापरवाही के लिए जिम्मेदार सभी लोगों की पहचान करेगी। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट मिलते ही दोषियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई (Legal Action) की जाएगी।
