Jind Fire Tragedy: गुलाल की फैक्ट्री में भीषण आग, 5 महिला मजदूर जिंदा जलीं; 20 झुलसे
Jind Factory Fire: हरियाणा के जींद में बड़ा हादसा! सफीदों की एक रंग-गुलाल फैक्ट्री में आग लगने से 5 महिला मजदूरों की मौत हो गई और 20 घायल हैं। मजदूरों का आरोप है कि बाहर से ताला लगा होने के कारण वे फंस गए।

फोटो AI जेनरेटेड
जींद 7 मार्च 2026: हरियाणा के जींद जिले के सफीदों में शनिवार दोपहर एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा हो गया। भाट कॉलोनी स्थित होली के रंग और गुलाल बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से 5 महिला मजदूरों की जिंदा जलने से मौत हो गई। इस भयानक अग्निकांड में 20 से ज्यादा मजदूर बुरी तरह झुलस गए हैं, जिन्हें गंभीर हालत में पानीपत और जींद के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मेन गेट पर लगा था ताला
हादसे के वक्त फैक्ट्री में करीब 30 मजदूर काम कर रहे थे। शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी आग कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर में फैल गई। फैक्ट्री में फंसे मजदूरों ने बेहद गंभीर आरोप लगाया है कि फैक्ट्री के मेन गेट पर बाहर से ताला लगा हुआ था, जिसके चलते वे आग की लपटों के बीच फंस गए और चाहकर भी बाहर नहीं निकल पाए। स्थानीय लोगों ने जान जोखिम में डालकर दरवाजा तोड़ा, तब जाकर कुछ मजदूरों को बाहर निकाला जा सका।
5 महिलाओं ने तोड़ा दम, कई अब भी नाजुक
इस हादसे में मरने वाली पांच महिलाओं में सफीदों के वार्ड नंबर 13 की रहने वाली पूजा, आदर्श कॉलोनी की उषा, सिंघपुरा की पिंकी और सफीदों की गुड्डी शामिल हैं। एक महिला की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। दो महिलाओं की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि तीन अन्य ने पानीपत के अस्पताल में दम तोड़ा। 20 घायल मजदूरों में से कई की हालत अब भी क्रिटिकल बनी हुई है।
प्रशासनिक अलर्ट और मुआवजे का आश्वासन
हादसे की जानकारी मिलते ही जींद के डीसी मोहम्मद इमरान रजा और एसपी कुलदीप सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। परिजनों के गुस्से और सड़क जाम की धमकी को देखते हुए प्रशासन ने मामले में कड़ी कार्रवाई और उचित मुआवजे का आश्वासन दिया है। फिलहाल पुलिस फैक्ट्री मालिक की भूमिका और सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जांच कर रही है।
