Begin typing your search above and press return to search.

Monsoon Alert India: देशभर में IMD का भारी बारिश का अलर्ट जारी, झारखंड-ओडिशा में बाढ़ का ख़तरा, दिल्ली-NCR में मूसलाधार बारिश की चेतावनी

IMD ने उत्तर भारत और पूर्वी राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। झारखंड-ओडिशा में बाढ़ का खतरा, यूपी-बिहार में भी अलर्ट। पढ़िए पूरी रिपोर्ट।

Monsoon Alert India: देशभर में IMD का भारी बारिश का अलर्ट जारी, झारखंड-ओडिशा में बाढ़ का ख़तरा, दिल्ली-NCR में मूसलाधार बारिश की चेतावनी
X
By Ragib Asim

Monsoon Alert India: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में भारी से अत्यंत भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। दिल्ली-NCR से लेकर झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और बिहार तक मौसम का मिज़ाज बेकाबू बना हुआ है। बारिश के इस कहर ने उत्तर भारत और पूर्वी भारत के कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति की आशंका को जन्म दिया है।

दिल्ली-NCR में 18 जुलाई तक चलेगा बारिश का दौर

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सोमवार शाम को हुई बारिश ने उमस से राहत दी, लेकिन जलजमाव और ट्रैफिक की समस्या खड़ी कर दी। मौसम विभाग ने मंगलवार 15 जुलाई से 18 जुलाई तक लगातार हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है। सफदरजंग वेधशाला में 9.2 मिमी, पालम में 26.6 मिमी और पूसा में 11.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री और न्यूनतम 23.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री कम है।

झारखंड के 19 जिलों में बाढ़ का रेड अलर्ट

IMD ने झारखंड के 19 जिलों – गुमला, रांची, सिमडेगा, कोडरमा, गिरिडीह, चतरा, बोकारो, रामगढ़, पलामू सहित अन्य में अचानक बाढ़ की चेतावनी दी है। मंगलवार सुबह से लेकर बुधवार शाम तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। राज्य सरकार ने स्कूलों को बंद करने के आदेश जारी कर दिए हैं। पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में प्रशासन अलर्ट मोड में है।

ओडिशा में तेज़ हवाओं के साथ तूफानी बारिश

ओडिशा में उत्तरी बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव के चलते 60 किमी/घंटा तक की हवाएं चलने की आशंका है। IMD ने मयूरभंज, क्योंझर और सुंदरगढ़ जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है, जहां 20 सेंटीमीटर से अधिक वर्षा हो सकती है। जाजपुर, भद्रक, केंद्रापड़ा समेत पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट और अन्य 11 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मछुआरों को अगले 24 घंटे समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी गई है।

हिमाचल और राजस्थान में जानलेवा बारिश, अब तक 61 मौतें

हिमाचल प्रदेश में मानसून के आगमन के बाद से अब तक बारिश संबंधी घटनाओं में 61 लोगों की जान जा चुकी है। मंडी, कुल्लू और शिमला जैसे इलाकों में 200 से ज्यादा सड़कें बंद हो चुकी हैं। वहीं राजस्थान के कोटा में 198 मिमी बारिश के बाद चंबल नदी में जलस्तर बढ़ गया। बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद पांच लोग बह गए और एक महिला की स्कूटर समेत मौत हो गई।

यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में भी खतरे की घंटी

उत्तर प्रदेश के 13 जिलों, बिहार के सीमांचल और तराई क्षेत्र, मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्से और उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में अगले 24 से 48 घंटे में भारी बारिश का अलर्ट जारी है। खेतों में जलभराव और नदियों के उफान पर रहने की आशंका बनी हुई है। देशभर में मॉनसून की मार ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। दिल्ली को जहां गर्मी से राहत मिली है, वहीं झारखंड, ओडिशा और हिमाचल में जानलेवा हालात बनते जा रहे हैं। मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेने की ज़रूरत है। प्रशासन और आम जनता दोनों को सतर्क रहने की आवश्यकता है, क्योंकि बारिश का यह सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है।

Ragib Asim

Ragib Asim is a seasoned News Editor at NPG News with 15+ years of excellence in print, TV, and digital journalism. A specialist in Bureaucracy, Politics, and Governance, he bridges the gap between traditional reporting and modern SEO strategy (8+ years of expertise). An alumnus of Jamia Millia Islamia and Delhi University, Ragib is known for his deep analytical coverage of Chhattisgarh’s MP administrative landscape and policy shifts. Contact: [email protected]

Read MoreRead Less

Next Story