Guntur Husband Murder Case : टीवी की आवाज धीमी करने को कहा तो सनकी पत्नी ने सीने में उतार दिया चाकू, रोजेदार पति की इलाज के दौरान मौत...
Guntur Tragedy : आंध्र प्रदेश के मंगलगिरी में महज टीवी की आवाज कम करने को लेकर हुए मामूली विवाद में एक पत्नी ने अपने पति की चाकू मारकर हत्या कर दी. मृतक शेख अहमद पेशे से एसी मैकेनिक थे और उन्होंने करीब आठ महीने पहले क्रांति से प्रेम विवाह किया था. रमजान के रोजे के दौरान शोर से परेशान अहमद ने जब पत्नी को आवाज धीमी करने को कहा, तो गुस्से में आकर क्रांति ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया.

Guntur Husband Murder Case : टीवी की आवाज धीमी करने को कहा तो सनकी पत्नी ने सीने में उतार दिया चाकू, रोजेदार पति की इलाज के दौरान मौत...
Guntur Husband Murder Case : गुंटूर आंध्र प्रदेश : आंध्र प्रदेश के मंगलगिरी से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ महज टीवी की तेज आवाज को लेकर हुए विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया. यहाँ एक महिला ने मामूली बहस के बाद अपने ही पति के पेट में चाकू घोंप दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. यह घटना टिडको हाउसिंग कॉलोनी की है, जहाँ इस खौफनाक कदम ने हर किसी को सन्न कर दिया है.
प्यार शादी और फिर खूनी अंत
मृतक की पहचान 27 वर्षीय शेख अहमद के रूप में हुई है, जो पेशे से एसी मैकेनिक था. मिली जानकारी के मुताबिक, अहमद और उसकी पत्नी क्रांति ने करीब आठ महीने पहले प्रेम विवाह किया था. क्रांति की यह दूसरी शादी थी उसका पहला पति किसी आपराधिक मामले में जेल में बंद है. अहमद और क्रांति मंगलगिरी के पेदावदलपुडी इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे. पड़ोसियों का कहना है कि दोनों के बीच अक्सर छोटे-मोटे झगड़े होते थे, लेकिन बात कत्ल तक पहुँच जाएगी, इसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी.
रमजान के रोजे और टीवी का शोर
पुलिस जांच में सामने आया कि अहमद रमजान के पवित्र महीने में रोजा रख रहा था. गुरुवार को जब वह काम से थका-हारा घर लौटा, तो क्रांति तेज आवाज में टीवी देख रही थी. रोजे की थकान और कमजोरी की वजह से अहमद को तेज आवाज से परेशानी हो रही थी, इसलिए उसने क्रांति से आवाज कम करने को कहा. क्रांति इस बात पर भड़क गई और दोनों के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई. देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई. गुस्से में आपा खो चुकी क्रांति रसोई की तरफ भागी और वहां से चाकू लाकर अहमद के पेट पर जोरदार वार कर दिया. हमले के बाद अहमद लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा.
अस्पताल में तोड़ा दम
घर से शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और अहमद को गंभीर हालत में पड़ा देखा. स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे विजयवाड़ा के सरकारी अस्पताल पहुँचाया. डॉक्टरों ने बताया कि चाकू के वार से अहमद का लिवर बुरी तरह डैमेज हो गया था और काफी खून बह चुका था. इलाज के दौरान अहमद ने दम तोड़ दिया. बेटे की मौत की खबर सुनकर अहमद की मां सदमे में हैं.
मंगलगिरी पुलिस ने अहमद की मां की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने आरोपी पत्नी क्रांति को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह हमला अचानक हुए गुस्से का नतीजा था या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश या साजिश थी.
ऐसी एक घटना दिल्ली से भी आया था
दिल्ली से सटे नोएडा में एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई थी, जहाँ टीवी सीरियल देखने की जिद ने एक हंसते-खेलते घर को मातम में बदल दिया था. यहाँ के एक अपार्टमेंट में रहने वाले पति-पत्नी के बीच टीवी चलाने को लेकर मामूली कहासुनी हुई थी. दरअसल, पत्नी अपना पसंदीदा सीरियल देखना चाहती थी, जबकि पति उसी समय क्रिकेट मैच देखने पर अड़ा था. रिमोट को लेकर शुरू हुई यह छीना-झपटी इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आपा खोकर पत्नी ने पास रखी एक भारी वस्तु से पति के सिर पर जोरदार वार कर दिया.
सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण पति लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा. आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन ज्यादा खून बह जाने और अंदरूनी चोट के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों के बीच पहले भी टीवी देखने को लेकर नोकझोंक होती रहती थी, लेकिन उस दिन मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया था.
