महिलाओं को मिलेगा 8000 का कूपन: बुजुर्ग और युवाओं को भी बड़ी सौगात, जानिए क्या है इल्लैरसी कूपन योजना
Illatharasi Coupon Yojana: द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) पार्टी ने अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। घोषणापत्र की सबसे चर्चित योजना इल्लैरसी कूपन है, जिसके तहत महिलाओं को 8000 रुपए का एकमुश्त कूपन दिया जाएगा।

फोटो सोर्स- इंटरनेट, एडिट, npg.news
चेन्नई 30 मार्च 2026, तमिलनाडु के 234 विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल 2026 को चुनाव होने वाला है, लेकिन चुनाव से पहले मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने अपनी पार्टी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) का चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। घोषणापत्र की सबसे चर्चित योजना इल्लैरसी कूपन है, जिसके तहत महिलाओं को 8000 रुपए का एकमुश्त कूपन दिया जाएगा। चलिए जानते हैं क्या है इल्लैरसी कूपन योजना और कैसे मिलेगा लाभ।
DMK का चुनावी घोषणापत्र जारी
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने 29 मार्च को द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) का चुनावी घोषणापत्र जारी किया, जिसमें महिलाओं, किसानों और युवाओं पर विषेश ध्यान देते हुए कई योजनाओं को शामिल किया गया है। इन्ही में से एक है इल्लैरसी कूपन योजना। इस योजना के तहत महिलाओं को 8000 रुपए का एकमुश्त कूपन दिया जाएगा।
इल्लैरसी कूपन योजना क्या है ?
इल्लैरसी कूपन योजना के तहत टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, मिक्सर, माइक्रोवेव और इंडेक्शन जैसे घरेलू उपकरण खरीदने या फिर बदलने के लिए 8000 रुपए का एकमुश्त कूपन दिया जाएगा। इल्लैरसी का अर्थ है घर की मुखिया महिला। ऐसे में यह योजना उन परिवार की मुखिया महिला के लिए हैं, जो आयकर के दायरे में नहीं आती।
स्वास्थ्य बीमा और पेंशन की राशि कितनी बढ़ी ?
इसके अलावा घोषणा पत्र में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत इलाज की राशि बढ़ाकर 10 लाख रुपए करने का वादा किया गया है। साथ ही 50 से ज्यादा उम्र वाली महिलाओं, विधवाओं और अविवाहित महिलाओं के लिए मासिक पेंशन राशि 1200 से बढ़ाकर 2000 रुपए करने का भी दावा किया गया है।
छात्रों और किसानों को क्या सौगात मिली ?
इतना ही नहीं कलैनार मगलीर उरुमई थोगई योजना के तहत महिलाओं को मिलने वाली मासिक सहायता को भी बढ़ाने का ऐलान किया गया है। छात्रों के लिए भी बड़ा ऐलान किया गया है कि अब मुख्यमंत्री नाश्ता योजना का विस्तार कक्षा आठवीं तक किया जाएगा। इस योजना का लाभ पहले कक्षा पहली से पांचवी तक के बच्चों को मिल रही थी। वहीं किसानों को मुफ्त बिजली के साथ ही आधुनिक पंप सेट उपलब्ध कराया जाएगा।
तमिलनाडू विधानसभा चुनाव शेड्यूल क्या है ?
- कुल सीटें- 234
- बहुमत- 118
- नोटिफिकेशन- 30 मार्च 2026
- नॉमिनेशन- 6 अप्रैल 2026
- स्क्रूटनी- 7 अप्रैल 2026
- नाम वापसी- 9 अप्रैल 2026
- वोटिंग- 23 अप्रैल 2026
- रिजल्ट- 4 मई 2026
