Begin typing your search above and press return to search.

डिंपल भाभी को जिताने स्टेशन पर एनाउंसमेंट: इटावा जंक्शन पर डिंपल यादव का प्रचार सुन चौंके यात्री, जांच में जुटी जीआरपी

डिंपल भाभी को जिताने स्टेशन पर एनाउंसमेंट: इटावा जंक्शन पर डिंपल यादव का प्रचार सुन चौंके यात्री, जांच में जुटी जीआरपी
X
By NPG News

NPG ब्यूरो। यात्रीगण कृपया ध्यान दें... यह आवाज सुनकर यात्रियों का ध्यान एनाउंसमेंट की ओर गया और तभी आवाज आई कि मैनपुरी से डिंपल भाभी को जिताएं। इटावा जंक्शन पर अपनी ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों ने जब यह सुना तो वे चौंक गए। पहले लगा कि यह कहीं बाहर की आवाज तो नहीं, लेकिन जब 15-20 बार यही आवाज आई तो उन्हें स्पष्ट हो गया कि यह रेलवे का एनाउंसमेंट हो रहा है। तो क्या अब रेलवे से ऐसा भी प्रचार होने लगा है?

यह सवाल यात्रियों के मन में आया। थोड़ी देर में ही यह भी स्पष्ट हुआ कि यह प्रचार नहीं, बल्कि किसी ने शैतानी की है। जीआरपी को जब यह खबर मिली तो जांच के लिए पहुंची और यात्रियों से ही पूछताछ करने लगी कि कौन एनाउंसमेंट कर रहा था? यात्रियों ने बताया कि उन्हें कोई जानकारी नहीं है। कुछ यात्री यह भी कहते सुने गए कि रेलवे की इंक्वायरी में घुसकर ऐसी शैतानी हो रही है और उल्टे पुलिस यात्रियों से ही पूछताछ कर रही है। जीआरपी ने जांच शुरू कर दी है। अभी उन लोगों की पहचान नहीं हो पाई है, जो इंक्वायरी रूम में घुसे थे।

बता दें कि समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई मैनपुरी सीट पर उपचुनाव हो रहा है। 5 दिसंबर को मतदान होना है। इसमें मुलायम सिंह यादव की बहू और अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी हैं। कार्यकर्ताओं के बीच वे डिंपल भाभी के नाम पर मशहूर हैं। यह घटना लोगों की जानकारी में आने के बाद अब भाजपा के भी कान खड़े हो गए हैं। भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य का कहना है कि समाजवादी पार्टी के लोग हार से पहले ही बौखला गए हैं। शाक्य ने कहा कि वे जानकारी जुटा रहे हैं। चुनाव आयोग से मामले की शिकायत की जाएगी।

Next Story