क्राइम अलर्ट: सरकारी आवासीय विद्यालय की 13 साल की छात्रा हुई गर्भवती, आरोपी हेडमास्टर पुलिस हिरासत में, जानिए कैसे हुआ खुलासा?

क्राइम अलर्ट: सरकारी आवासीय विद्यालय की 13 साल की छात्रा हुई गर्भवती, आरोपी हेडमास्टर पुलिस हिरासत में, जानिए कैसे हुआ खुलासा?
X
Chatra Crime News: झारखंड के चतरा जिले के एक सरकारी आवासीय बालिका विद्यालय में तीसरी कक्षा की छात्रा के गर्भवती होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी हेडमास्टर को हिरासत में ले लिया है।

Jharkhand Crime News: झारखंड के चतरा जिले में एक सरकारी आवासीय बालिका विद्यालय की 13 वर्षीय छात्रा के सात महीने की गर्भवती होने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी हेडमास्टर को तुरंत हिरासत में ले लिया है जबकि चतरा जिला प्रशासन ने मामले की जांच के लिए पांच सदस्यों की एक विशेष कमेटी का गठन कर दिया है। इस घटना से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है और इलाके के लोग दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

छुट्टी में घर पहुंचने पर सामने आया सच

यह मामला तब सामने आया जब गुरुवार को नाबालिग छात्रा अपने गांव पहुंची। परिवार वालों ने उसके शरीर में हो रहे बदलावों को देखा तो वे अचंभित रह गए। पूछताछ करने पर जब सच्चाई का पता चला तो स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों को इसकी सूचना दी गई और तुरंत पुलिस को मौके पर बुलाया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार पीड़िता ने इस घटना के लिए स्कूल के हेडमास्टर को जिम्मेदार ठहराया है।

हेडमास्टर हिरासत में, गांव वालों का हंगामा

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता के परिवार और गुस्साए ग्रामीणों ने गुरुवार को विद्यालय पहुंचकर भारी हंगामा किया। गांव वालों का आरोप है कि हेडमास्टर का व्यवहार पहले से ही काफी संदिग्ध रहा था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने एक्शन लेते हुए प्रधानाध्यापक को हिरासत में ले लिया है और फिलहाल उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है।

मेडिकल चेकअप के लिए गया भेजी गई पीड़िता

पीड़िता अनुसूचित जाति (SC) समाज से आती है और स्कूल में कक्षा तीन की छात्रा है। पुलिस और प्रशासन की टीम ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए बिहार के गया मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।

डीसी ने बनाई 5 सदस्यों की जांच कमेटी

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए चतरा की उपायुक्त (डीसी) कीर्तिश्री ने एक पांच सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। जिला कल्याण पदाधिकारी ने मीडिया को बताया कि पूरी घटना की हर एंगल से जांच की जा रही है। प्रशासन ने भरोसा दिया है कि इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tags

Next Story