कैबिनेट री-शफल: ओडिशा में विवादों से घिरे कैप्टन डीएस मिश्रा सहित कई मंत्रियों को नवीन पटनायक ने हटाया, सभी मंत्रियों के इस्तीफे के दूसरे दिन शपथ ग्रहण

कैबिनेट री-शफल: ओडिशा में विवादों से घिरे कैप्टन डीएस मिश्रा सहित कई मंत्रियों को नवीन पटनायक ने हटाया, सभी मंत्रियों के इस्तीफे के दूसरे दिन शपथ ग्रहण
X
सीएम नवीन पटनायक ने अलग-अलग विभागों के अधीन 23 निगम, मंडल व आयोगों को भी खत्म किया।

NPG डेस्क, 05 जून 2022। छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य ओडिशा में सीएम नवीन पटनायक ने अलग-अलग आरोपों से घिरे तीन मंत्रियों को इस बार मंत्रिमंडल में जगह नहीं दी है। इनमें छत्तीसगढ़ में लंबे समय तक चीफ पायलट रहे कैप्टन डीएस मिश्रा के अलावा प्रताप जेना और अरूण साहू शामिल है। शनिवार को एक साथ सभी मंत्रियों के इस्तीफे के दूसरे दिन ही 13 मंत्रियों और 8 राज्यमंत्रियों ने शपथ ली। राज्यपाल प्रोफेसर गणेशी लाल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। एक और अहम फैसले में सीएम पटनायक ने 23 निगम, मंडल व आयोगों को समाप्त कर दिया है।

ओडिशा में कैबिनेट री-शफल को 2024 में होने वाले लोकसभा व विधानसभा चुनाव की तैयारियों के रूप में देखा जा रहा है। यह पहला मौका है, जब सारे मंत्रियों से एक साथ इस्तीफा ले लिया गया। यह चर्चा है कि हत्या और दुष्कर्म जैसे मामलों में घिरे मंत्रियों मिश्रा, जेना और साहू को निकालने के लिए एक साथ सभी मंत्रियों से इस्तीफे लिए गए। इनमें से कुछ को वापस भी मंत्रिमंडल में शामिल कर लिया गया है। राज्य में इस बात की चर्चा है कि अपने रोम और दुबई दौरे से पहले पटनायक ने कैबिनेट री-शफल की कवायद पूरी की है। जिन लोगों को मंत्रिमंडल से निकाला गया है, उन्हें पार्टी संगठन में दायित्व दिया जा सकता है।

Tags

Next Story