Begin typing your search above and press return to search.

IND vs ZIM: जिम्बाब्वे को हराकर टीम इंडिया ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाली पहली टीम बनी

IND vs ZIM: बीते बुधवार (10 जुलाई) को भारतीय क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम को सीरीज के तीसरे टी-20 मैच में 23 रन से हराया। यह भारतीय टीम की टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 150वीं जीत रही।

IND vs ZIM: जिम्बाब्वे को हराकर टीम इंडिया ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाली पहली टीम बनी
X
By Ragib Asim

IND vs ZIM: बीते बुधवार (10 जुलाई) को भारतीय क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम को सीरीज के तीसरे टी-20 मैच में 23 रन से हराया। यह भारतीय टीम की टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 150वीं जीत रही। इसके साथ ही भारत खेल के सबसे छोटे प्रारूप में 150 जीत दर्ज करने वाला विश्व का पहला देश बन गया। भारतीय टीम का यह सफर उपलब्धियों भरा रहा है। आइए टीम के रिकॉर्ड्स और आंकड़ों एक नजर डालते हैं।

2006 में भारत ने खेला था अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच

भारतीय टीम ने 2006 में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। लगभग 2 दशक की अवधि में भारत ने 230 मैच खेले हैं, जिसमें से 150 में जीत दर्ज की और 69 में हार का सामना किया है। इस बीच 6 मैचों के कोई परिणाम नहीं निकले और 5 मैच टाई रहे हैं। भारत के बाद पाकिस्तान ने 142, न्यूजीलैंड ने 111, ऑस्ट्रेलिया ने 105 और दक्षिण अफ्रीका ने 104 टी-20 जीते हैं।

2007 में भारत ने जीता पहला टी-20 विश्व कप

2007 में पहली बार टी-20 विश्व कप का आयोजन किया गया और भारतीय टीम ने खिताब पर कब्जा जमाया। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत ने रोमांचक फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान क्रिकेट टीम को 5 रन से हराया था। उस संस्करण में भारत को सिर्फ न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में हार झेलनी पड़ी थी। उद्घाटन संस्करण में भारत का 1 मैच टाई और 1 मुकाबला बेनतीजा भी रहा था।

2024 में भारत दूसरी बार बना चैंपियन

हाल ही में रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने अपना दूसरा टी-20 विश्व कप का खिताब जीता था। 2024 संस्करण में भारतीय टीम ने अजेय रहते हुए फाइनल में प्रवेश किया था। खिताबी मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम को 7 रन से हराया था। दिलचस्प रूप से भारत से पहले सिर्फ वेस्टइंडीज (2012, 2016) और इंग्लैंड (2010, 2022) भी 2-2 बार विश्व विजेता रह चुके हैं।

2016 में भारत ने जीता एशिया कप का खिताब

एशिया की सबसे बड़ी क्रिकेट प्रतियोगिता एशिया कप 2016 में टी-20 प्रारूप में खेली गई। उस संस्करण में रोहित की कप्तानी में भारत विजेता बना था। फाइनल मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को 8 विकेट से हराया था। यह एशिया कप के इतिहास में भारत का कुल 7वां और टी-20 प्रारूप में पहला खिताब था। बता दें कि अब तक सिर्फ 2 बार ही टी-20 प्रारूप में एशिया कप का आयोजन हुआ है। 2022 में श्रीलंका ने इसे जीता था।

भारत से इन बल्लेबाजों ने बनाए सर्वाधिक रन

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक रन रोहित ने बनाए हैं। हाल में इस प्रारूप से संन्यास ले चुके भारतीय सलामी बल्लेबाज ने 159 मैचों में 32.05 की औसत और 140.89 की स्ट्राइक रेट से सर्वाधिक 4,231 रन (शतक-5, अर्धशतक-32) बनाए। रोहित के बाद विराट कोहली ने 125 मैचों में 48.69 की औसत और 137.04 की स्ट्राइक रेट से 4,188 रन (शतक-1, अर्धशतक-38) बनाए। उनके बाद इस सूची में सूर्यकुमार यादव (2,340) और केएल राहुल (2,265) हैं।

इन गेंदबाजों ने चटकाए सर्वाधिक विकेट

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत की ओर से सर्वाधिक विकेट युजवेंद्र चहल ने लिए हैं। इस लेग स्पिनर ने 80 मैचों में 25.09 की औसत और 8.19 की इकॉनमी रेट से 96 विकेट लिए हैं। वह एक मैच में 6 विकेट भी चटका चुके हैं। भुवनेश्वर कुमार ने 87 मैचों में 23.10 की औसत और 6.96 की इकॉनमी रेट के साथ 90 विकेट चटकाए हैं। इस सूची में अन्य भारतीय जसप्रीत बुमराह (89) और हार्दिक पांड्या (84) हैं।

रोहित रहे सबसे सफल कप्तान

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारतीय टीम के सबसे सफल कप्तान रोहित रहे हैं। उनकी कप्तानी में भारत ने 49 टी-20 मैच जीते (जीत प्रतिशत- 79.03) और 12 हारे हैं। धोनी के नेतृत्व में भारत ने 41 टी-20 मैच जीते (जीत प्रतिशत- 56.94) और 28 में शिकस्त झेली। वहीं, कोहली की अगुआई में भारतीय टीम ने 30 टी-20 में जीत (जीत प्रतिशत- 60.00) हासिल की और 16 में हार का सामना किया।

Ragib Asim

Ragib Asim is a seasoned News Editor at NPG News with 15+ years of excellence in print, TV, and digital journalism. A specialist in Bureaucracy, Politics, and Governance, he bridges the gap between traditional reporting and modern SEO strategy (8+ years of expertise). An alumnus of Jamia Millia Islamia and Delhi University, Ragib is known for his deep analytical coverage of Chhattisgarh’s MP administrative landscape and policy shifts. Contact: [email protected]

Read MoreRead Less

Next Story