CG-10वीं के छात्र की हत्याः रात में कर रहा था पढ़ाई, सुबह घर से 1 किलोमीटर दूर मिली छात्र की खून से सनी लाश…गला रेतकर हत्या

सूरजपुर 26 सितंबर 2021। एक छात्र की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई है। हत्या के बाद पूरे इलाके में सनसनी मच गई है। मृतक छात्र का नाम रितिक राजवाड़े था, जो कक्षा दसवीं का छात्र था।
जानकारी के मुताबिक घटना जयनगर थाना क्षेत्र के बृजनगर गांव की है। बीते शुक्रवार की रात रितिक अपने घर में पढ़ाई कर रहा था। बेटे को पढ़ाई करता देख परिजन सोने के लिए अपने-अपने कमरे में चले गये। शनिवार की सुबह तड़के 3 बजे जब परिजन उठे तो देखा कि, रितिक अपने कमरे में नहीं था, जिसके बाद परिजन उसे खोजते हुये घर से एक किलोमीटर दूर गांव के तालाब के पास आये। यहां पर झाड़ियों के बीच छात्र का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था।
छात्र के गले और सिर पर धारदार हाथियार से चोट के निशान भी थे। इधर परिजनों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही गांव के लोगों और परिजनों से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। वहीं इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
