Begin typing your search above and press return to search.

स्वीडन दूतावास के उप मिशन प्रमुख गौतम भट्टाचार्य ने छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं को सराहा

स्वीडन दूतावास के उप मिशन प्रमुख  गौतम भट्टाचार्य ने छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं को सराहा
X
By NPG News

*फुंडहर गौठान, बी.पी. पुजारी स्कूल, बूढ़ा तालाब, मोबाइल क्लीनिक का किया अवलोकन*

रायपुर 27 मार्च 2021। स्वीडन दूतावास के उप मिशन प्रमुख गौतम भट्टाचार्य आज छत्तीसगढ़ शासन के अधीन रायपुर नगर निगम व रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा संचालित विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का भ्रमण किया। इस दौरान रायपुर के महापौर एजाज़ ढेबर, नगर निगम कमिश्नर सौरभ कुमार, संचालक लोक शिक्षण जितेन्द्र शुक्ला, रायपुर स्मार्ट सिटी लिमि. के अपर प्रबंध संचालक प्रभात मलिक भी उनके साथ थें। भट्टाचार्य ने पूरी ऊर्जा के साथ सर्वांगीण विकास का लक्ष्य निर्धारित कर कार्य योजनाओं को पूरा करने में जुटे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, रायपुर के प्रथम नागरिक एजाज़ ढेबर और उनकी पूरी टीम की सराहना की।

उप मिशन प्रमुख भट्टाचार्य कल शाम ही राजधानी पहुंचे थे। आज उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजना नरूवा, गरूवा, घुरूवा, बारी योजना की विस्तृत जानकारी ली और रायपुर नगर निगम द्वारा संचालित फुंडहर गौठान का अवलोकन किया। इसके बाद नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत संचालित मोबाइल क्लीनिक का अवलोकन किया। यहां उन्होंने निर्धन परिवारों को निःशुल्क चिकित्सकीय सहायता एवं परामर्श के लिए संचालित इस योजना की सराहना की एवं इसे महत्वपूर्ण बताया।

भ्रमण के दौरान भट्टाचार्य स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय योजना के तहत संचालित बी.पी. पुजारी शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल गए, जहां उन्होंने रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा जीर्ण-शीर्ण भवन को आधुनिक स्वरूप देकर उन्नत स्कूल के रूप में कायाकल्प किए गए भवन का अवलोकन किया। इस दौरान महापौर एजाज़ ढेबर, नगर निगम आयुक्त और स्मार्ट सिटी के एम.डी. सौरभ कुमार, संचालक लोक शिक्षण जितेन्द्र शुक्ला, एम.आई.सी. सदस्य व स्थानीय पार्षद आकाश तिवारी ने स्कूल भवन के ऐतिहासिक स्वरूप व इस योजना के जरिए निर्धन परिवारों के बच्चों के अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा सुनिश्चित करने हेतु किए गए उपायों की विस्तार से जानकारी दी। भट्टाचार्य स्कूल के प्रिंसिपल और छात्र-छात्राओं से भी मिले और उनके द्वारा तैयार किए गए साइंस माॅडल का अवलोकन किया। स्कूली छात्राओं ने उनके स्वागत में कत्थक नृत्य की प्रस्तुति भी दी। बच्चों की प्रतिभा और अध्यापन कार्य में जुटे शिक्षक-शिक्षिकाओं और सुविधाओं को हर घर तक पहुंचाने में जुटे जन प्रतिनिधियों की उन्होंने प्रशंसा की। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की संवेदनशील सोच से कम आय वर्ग के परिवारों के सपने को पूरा करने में जुटी पूरी टीम को शाबाशी भी दी।

भट्टाचार्य अपने इस प्रवास में विवेकानंद-बूढ़ा तालाब सरोवर भी पहुंचे जहां उन्होंने तालाबों के संरक्षण व संवर्धन के लिए रायपुर नगर निगम व स्मार्ट सिटी द्वारा मिलकर किए गए प्रयासों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान आयुक्त श्री सौरभ कुमार ने इस तालाब की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के साथ ही चरणबद्ध तरीके से तालाब की सफाई व सौंदर्यीकरण के लिए किए गए प्रयासों से उन्हें अवगत कराया। बूढ़ा तालाब में उन्होंने नौका विहार का आनंद लिया। इस अवसर पर एम.आई.सी. सदस्य जितेन्द्र अग्रवाल, रायपुर स्मार्ट सिटी लिमि. के महाप्रबंधक तकनीकी एस.के. सुंदरानी, जोन कमिश्नर संतोष पांडेय, लोकेश चंद्रवंशी, कार्यपालन अभियंतागण राजेश शर्मा, हरेंद्र साहू, स्मार्ट सिटी के मैनेजर सिविल एसपी साहू, सहायक अभियंता राजेश राठौर, कमलेश वर्मा, असिस्टेंट मैनेजर नेहा पटेल भी साथ थें।

Next Story