कोरोना के कहर के बीच मोदी सरकार का ऐलान, 80 करोड़ लोगों को तीन रुपये किलो चावल और दो रुपये किलो गेहूं देगी सरकार….
नईदिल्ली 26 मार्च 2020। देश में बढ़़ते कोरोना के प्रकोप के बीच बुधवार को केंद्र की मोदी सरकार ने लोगों के राशन को लेकर बड़ा ऐलान किया। पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुई बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में देश के 80 करोड़ लोगों को सस्ती दर पर अनाज देने का फैसला किया गया। कैबिनेट बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि देश के 80 करोड़ लोगों सस्ते दर पर राशन दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देश के 80 करोड़ लोगों को हर महीने 7 किलो प्रति व्यक्ति राशन देगी और वो भी 3 महीने के लिए एडवांस।
जावड़ेकर ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण पूरी दुनिया संकट के दौर से गुजर रही है। इससे बचने का एक मात्र उपाय सामाजिक दूरी है। इस कारण किए गए लॉकडाउन से सामान्य लोगों की परेशानी बढ़ी है। इसी के मद्देनजर 80 करोड़ लोगों को राहत देने का रास्ता ढूंढी है। अब इस फैसले के कारण एक व्यक्ति को 21 किलो अनाज मिलने का रास्ता साफ हो जाएगा। इसके लिए आवश्यक तैयारी कर ली गई है।