कोरोना से विधायक की मौत : मेदांता में चल रहा था विधायक का इलाज…. 8 दिन पहले दिल्ली किया गया था शिफ्ट… एयर एंबुलेंस से शव लाया जा रहा… कांग्रेस ने ट्वीट कर दी श्रद्धांजलि
भोपाल 15 सितंबर 2020। कोरोना से एक विधायक की मौत हो गयी। कांग्रेस विधायक को पिछले दिनों कोरोना संक्रमित होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एमपी में राजगढ़ जिले के ब्यावरा से विधायक गोवर्धन दांगी का निधन हो गया है। कोरोना पॉजिटिव होने के बाद दांगी का इलाज दिल्ली के मेदांता अस्पताल में चल रहा था, जहां मंगलवार सुबह उन्होंने आखिरी सांस ली। कांग्रेस विधायक गोवर्धन दांगी को 8 दिन पहले तबीयत बिगड़ने पर भोपाल से दिल्ली शिफ्ट किया गया था. उनके निधन पर कांग्रेस ने दु:ख व्यक्त किया है. वहीं, बीजेपी नेता कैलाश विजय वर्गीय ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है.
मध्यप्रदेश की ब्यावरा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक श्री गोवर्धन सिंह दांगी जी का दिल्ली के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया है।
ईश्वर उनकी आत्मा को शान्ति प्रदान करें और परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति और साहस दें।
“श्रद्धांजलि और नमन” pic.twitter.com/huky2AolTO
— MP Congress (@INCMP) September 15, 2020
25 अगस्त को गोवर्धन दांगी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उन्हें पहले भोपाल के चिरायु अस्पताल में एडमिट किया गया था। हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया था। उनके निधन से पूरे ब्यावड़ा में शोक का माहौल है।
प्रदेश में बीजेपी और कांग्रेस के कई विधायक कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति, तरुण भनोत, वन मंत्री विजय शाह, विधायक ब्रम्हा भलावी सहित अब तक विधानसभा के करीब 18 प्रतिशत सदस्य कोरोना पॉज़िटिव हुए हैं। विधानसभा के 203 सदस्यों में से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, प्रदेश के 10 मंत्री, 28 विधायक कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।