ऐसी गुंडई: MLA बृहस्पति के फॉलो वाहन में तोड़फोड़, मंत्री के रिश्तेदारों ने आरक्षकों से किया गाली-गलौज…विधायक बृहस्पति देर रात पहुँचे कोतवाली, सिंहदेव बोले, ऐसी घटना बर्दास्त नहीं

अंबिकापुर, 24 जुलाई 2021। बलरामपुर विधायक बृहस्पति सिंह के फॉलो वाहन में स्थानीय बंगाली चौक में तोड़फोड़ और गाड़ी में सवार जवानों से दुर्व्यवहार की गई। विवाद ओवरटेक को लेकर हुआ और युवकों ने विधायक को कवर कर रही फॉलो गाड़ी को बीच सड़क पर अपनी गाड़ी अड़ाकर रोक दिया। फिर गाड़ी में तोड़फोड़ के साथ ही जवानों से गाली- गलौज किया।
विधायक बृहस्पति सिंह को घटना का पता चला तो खुद कोतवाली पहुंच गए। आईजी रतनलाल डाँगी और कप्तान अमित काँबले भी कोतवाली भी मामले की गंभीरता को देखते थाने आ गए। डांगी कल सरगुजा में ही थे।
विधायक बृहस्पति सिंह ने दूरभाष पर घटना का ब्यौरा देते हुए बताया है कि, उनका फॉलो वाहन संजय पार्क के पास तेज़ी से उनके वाहन के पास आने की क़वायद में आगे आया तभी वहाँ मौजूद अन्य वाहन के युवाओं ने फॉलो वाहन का पीछा किया और स्थानीय बंगाली चौक पर गाड़ी रोक, चाभी छिन तोड़फोड़ की और जवानों से दुर्व्यवहार किया। विधायक बृहस्पति सिंह का दावा है कि दुर्व्यवहार करने वाले लोगों ने तोड़फोड़ के दौरान उनके लिए भी पूछताछ की।
विधायक बृहस्पति सिंह इस घटना के बाद तुरंत कोतवाली पहुँच गए। घटना की सूचना पर आईजी रतन लाल डांगी और कप्तान अमित कांबले भी थाने पहुँच गए।
प्रार्थी सुदर्शन सिंह की ओर से घटना को लेकर धारा 341,186,294,506,353 और एक्ट्रोसिटी एक्ट की धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। FIR में आरोपी के रुप में सचिन सिंहदेव धन्नो उरांव संदीप रजक के नाम शामिल हैं। FIR में बताया गया है कि सचिन सिंह ओव्हरटेक किए जाने की वजह से आगबबूला हुए।
सचिन सिंहदेव स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव के नजदीकी रिश्तेदार परिवार से आते हैं। इस घटना की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव ने कप्तान कांबले से बात की और कहा
“घटना किसी सूरत स्वीकार नहीं है। सिंहदेव ने कहा, जो क़ानून कहे उस अनुरुप कार्यवाही हो ऐसा मैंने एसपी को कहा है..”