मंत्री सिंहदेव आज त्रिपुरा जाएंगे, 4 अगस्त को दिल्ली में त्रिपुरा संगठन की रिपोर्ट आलाकमान को सौपेंगे

रायपुर, 2 अगस्त 2021। त्रिपुरा में तृणमूल कांग्रेस की बढ़ते सियासती हलचल के बीच कांग्रेस के संगठन को लेकर रिपोर्ट देने के लिए मंत्री सिंहदेव कल सुबह अगरतला पहुँच जाएँगे, मंत्री सिंहदेव वहाँ से रिपोर्ट लेकर दिल्ली पहुँचेंगे और केंद्रीय टीम को रिपोर्ट सौंपेंगे। मंत्री सिंहदेव अभी कोलकाता में हैं।
प्रदेश के स्वास्थ्य एवं पंचायत मंत्री टी एस सिंहदेव दिल्ली में नियमित स्वास्थ्य चेकअप कराएँगे। मंत्री सिंहदेव के नज़दीकी सूत्रों ने दिल्ली प्रवास के दौरान महत्वपूर्ण राजनैतिक मेल मुलाक़ातों को लेकर किसी संभावना को ख़ारिज नहीं किया है।
त्रिपुरा में फ़िलहाल कांग्रेस को विधानसभा में एक भी सीट हासिल नहीं है। तृणमूल कांग्रेस वहाँ कांग्रेस संगठन में सेंध लगाने की क़वायद कर रही है। मंत्री सिंहदेव दो दिवसीय दौरे में रिपोर्ट तैयार कर दिल्ली केंद्रीय टीम को सौंपेंगे।
