हंगामाखेज कार्यक्रम के बाद मीडिया से बोले मंत्री सिंहदेव -ऐसा तो जोगी जी के समय होता था,नतीजा था कि पंद्रह बरस सत्ता से बाहर रहे” मंत्री अमरजीत बोले – ”शुभ अवसर पर अशुभ बात नहीं करना चाहिए”

अंबिकापुर,20 अगस्त 2021। अंबिकापुर में कांग्रेस भवन के लोकापर्ण में हंगामे और प्रदर्शन के बाद अब सियासती बयान सामने आए हैं और ज़ाहिर है हरेक बयान के अपने मायने हैं।
कुर्सी की जद्दोजहद से लेकर सीधे भिड़ंत होने से ही बाल बाल बचे समर्थकों के नारेबाज़ी के तेवर के बाद दो दो बार फ़ीता कटने के बाद मंत्री टी एस सिंहदेव ने कहा
”ऐसा होना तो नहीं चाहिये, ऐसी स्थिति तो जोगी जी के समय होती थी, जिसका नतीजा ये रहा था कि 15 साल तक कांग्रेस सत्ता से बाहर रही..”
ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता समेत संगठन के लोगों के नीचे बैठने के मसले पर मंत्री सिंहदेव ने कार्यकर्ताओं के धैर्य की तारीफ़ करते हुए कहा –
”होता है कभी कभी हो जाता है.. लोग दिखाई नहीं देते.. आवाज़ सुनाई नहीं देती.. यहाँ भी शायद ऐसा हुआ है”
वहीं इस मसले पर मंत्री अमरजीत भगत ने कहा है
”इतना शुभ अवसर है.. ऐसे अवसर पर अशुभ बात नहीं करनी चाहिये”
मंत्री अमरजीत भगत से प्रश्न हुआ
”आपके समर्थकों की ओर से नारेबाज़ी हुई और कुर्सीयों की अव्यवस्था के बीच आपने दूबारा फ़ीता काट दिया.. ऐसा क्यों .. “
मंत्री अमरजीत भगत ने कहा
”हँसी ख़ुशी का माहौल है, दशकों बाद कांग्रेस को अपना भवन मिला है, उत्साह में नारेबाज़ी होती रहती है, कार्यकर्ता उसी उत्साह में नारे लगा रहे थे, अब फ़ीता का तो ऐसा है कि.. कार्यकर्ता बुलाए तो मैं चला गया और फ़ीता काट दिया.. ये सब उत्साह का विषय है…इसे किसी और रुप से देखना सही नहीं है”
