अगले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ समेत इन राज्यों में तेज बरिश की चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
नईदिल्ली 8 जून 2020. छिटपुट बारिश और गरज के साथ भारत में कई राज्यों पर सामान्य से कम तापमान दर्ज किया गया। अगले 24 घंटों में उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में रुक-रुककर बारिश होने या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। आठ जून के आसपास पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।
भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के कर्नाटक के कुछ और अंदरूनी दक्षिणी इलाकों, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और बंगाल की खाड़ी के अधिकतर हिस्सों की ओर बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा 10 जून तक अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी किंतु 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बने रहने की उम्मीद है। बंगाल की खाड़ी के कम दबाव के चलते नमी से भरी पूर्वी हवाओं के कारण 12 जून और 13 जून को दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना है। दिल्ली में रविवार को आंधी आने की संभावना है और अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
अगले 24 घंटों के दौरान अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह पर मध्यम से भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत, ओडिशा के दक्षिणी तटीय हिस्सों, आंध्र प्रदेश, केरल, तटीय कर्नाटक, कोंकण व गोवा, गुजरात के दक्षिणी भागों और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है।
आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, पूर्वी मध्य प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम में हल्की बारिश से मध्यम बारिश का अनुमान है।