
नई दिल्ली 8 अक्टूबर 2021। चेन्नई सुपरकिंग्स भले ही गुरुवार का मैच हार गई, लेकिन दीपक चाहर ने मैदान मार लिया। उन्होंने जो किया उसे देखकर लोग कहने लगे कि आज दीपक ही मैन ऑफ द मैच है। कुछ यूं हुआ कि पंजाब किंग्स के हाथों चेन्नई सुपर किंग्स 6 विकेट से हार गई। टीम के लिए यह काफी दुख की बात थी लेकिन चाहर के मन में कुछ और ही चल रहा था। वे मैदान से बाहर आए और अपनी गर्लफ्रैंड को घुटनों के बल बैठकर प्रपोज किया। बस क्या था, सारे कैमरे चाहर की ओर घूम गए। मैच की हार-जीत की चर्चा खत्म और कमेंटेटर प्रेमी जोड़े के इजहार ए मोहब्बत का बखान करने लगे। चाहर ने पूछा ‘विल यू मैरी मी’ और जैसे उनकी गर्लफ्रैंड जया भारद्वाज इसी इंतजार में थी। जया ने भी हां कह दी। बस फिर क्या था चाहर ने अंगूठी निकाली और जया को पहना दी। जया ने भी अंगूठी पहनाई और इसके साथ ही इंगेजमेंट का ऑफिशियल अनाउंसमेंट भी कर दिया गया। उस समय धोनी की पत्नी साक्षी मौजूद थी। उसने प्रेमी जोड़े को बधाई दी। दर्शकों ने भी बधाई दी। इसके बाद होटल में पार्टी का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकांश स्पोर्ट्स सेलिब्रिटी शामिल हुए। चाहर ने ट्विटर और इंस्टाग्राम पर तस्वीरें व वीडियो पोस्ट की। इसके बाद तो जैसे उनके चाहने वालों के संदेशों की बाढ़ आ गई।