Begin typing your search above and press return to search.

रतलाम: आंगनवाड़ी में टीका लगते ही 10 माह के मासूम ने तोड़ा दम, दूसरा ICU में भर्ती, गुस्से में गांव वाले

रतलाम के नयाखेड़ा में टीकाकरण के बाद 10 माह के मासूम की मौत, दूसरा बच्चा ICU में भर्ती। लापरवाही या सिस्टम की चूक? जांच शुरू।

रतलाम: आंगनवाड़ी में टीका लगते ही 10 माह के मासूम ने तोड़ा दम, दूसरा ICU में भर्ती, गुस्से में गांव वाले
X
By Meenu Tiwari

रतलाम जिले के नयाखेड़ा गांव में मंगलवार को नियमित टीकाकरण के बाद दो बच्चों की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। घटना में 10 माह के एक मासूम की मौत हो गई, जबकि डेढ़ साल का दूसरा बच्चा अस्पताल में भर्ती है। मामले में स्वास्थ्य विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं और पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।

दोपहर में लगे टीके, कुछ घंटों बाद बिगड़ी हालत

परिजनों के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे आंगनवाड़ी केंद्र पर बच्चों को नियमित टीके लगाए गए थे। आरोप है कि टीकाकरण के करीब दो घंटे बाद एक बच्चे को तेज उल्टियां और दस्त शुरू हो गए। परिजन उसे तत्काल धराड़ स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।

परिवार का कहना है कि वहां प्राथमिक उपचार देने के बजाय बच्चे को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जब तक परिजन रतलाम जिला अस्पताल पहुंचे, डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

दूसरा बच्चा चाइल्ड केयर यूनिट में

इसी टीकाकरण सत्र में डेढ़ साल के एक अन्य बच्चे को भी बूस्टर डोज लगाया गया था। उसकी तबीयत भी बिगड़ने पर उसे रतलाम के मदर एंड चाइल्ड हेल्थ (MCH) यूनिट में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत फिलहाल स्थिर है और निगरानी में रखा गया है।

गांव में आक्रोश, जांच कमेटी गठित

घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. संध्या बेलसेरे ने मामले की जांच के लिए जिला स्तरीय कमेटी गठित करने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और मेडिकल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने भी मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि बच्चे की मौत का वास्तविक कारण क्या था। फिलहाल वैक्सीन की गुणवत्ता, स्टोरेज और टीकाकरण प्रक्रिया से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


Meenu Tiwari

मीनू तिवारी 2009 से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और प्रिंट व डिजिटल मीडिया में अनुभव रखती हैं। उन्होंने हरिभूमि, पत्रिका, पेज 9 सहित क्लिपर 28, लल्लूराम, न्यूज टर्मिनल, बोल छत्तीसगढ़ और माई के कोरा जैसे प्लेटफॉर्म्स पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है। वर्तमान में वे एनपीजी न्यूज में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं।

Read MoreRead Less

Next Story