MP में ठंड ने दी दस्तक! प्रदेश का यह जिला बना सबसे ठंडा इलाका, 10 साल का टूटा रिकॉर्ड, जानें आपके शहर के मौसम का हाल
MP Weather: मध्य प्रदेश में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। एक ओर जहां पूर्वी जिलों में बादलों की आवाजाही और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है।

NPG FILE PHOTO
भोपाल। मध्य प्रदेश में ठंड ने इस बार जल्दी दस्तक दे दी है। दक्षिण-पश्चिम मानसून के लौटते ही प्रदेश के कई हिस्सों में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। बीते शनिवार को राजगढ़ जिले में तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट देखने को मिला है, जो पिछले 10 सालों में सबसे कम है। हैरानी की बात ये है कि यह तापमान हिमाचल, मेघालय और सिक्किम जैसे पहाड़ी राज्यों से भी कम रहा है।
इंदौर में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री और धार में 15.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी नीचे है। प्रदेश के 22 जिलों में रात का तापमान 20 डिग्री से नीचे चला गया है। वहीं खजुराहो में दिन में सबसे ज्यादा गर्मी 33.4 डिग्री सेल्सियस रही।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल कोई बड़ी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं और साफ आसमान के चलते ठंडक बढ़ रही है। अगले तीन-चार दिन तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा और रात के तापमान में और गिरावट हो सकती है।
राजगढ़ में ठंड ने इस बार बारिश के बाद ही अपनी मौजूदगी दर्ज करवा दी है। इस बार औसत से 388 मिमी ज्यादा बारिश हुई है, जिससे वातावरण में नमी कम हो गई और ठंड ने जल्दी पैर पसार लिए। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि, रीवा, शहडोल और जबलपुर संभाग से भी जल्द ही मानसून पूरी तरह लौट जाएगा। लोगों को सलाह दी जा रही है कि सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनें और बदलते मौसम में सेहत का खास ध्यान रखें।
