Begin typing your search above and press return to search.

MP से मॉनसून ने ली विदाई! इन 17 जिलों में दिखा गुलाबी ठंड का असर, 20 डिग्री से भी नीचे लुढ़का पारा..

MP Weather: मध्य प्रदेश में मॉनसून ने विदाई ले ली है, लेकिन मौसम का मिजाज अभी भी बदलता नजर आ रहा है।

MP से मॉनसून ने ली विदाई! इन 17 जिलों में दिखा गुलाबी ठंड का असर, 20 डिग्री से भी नीचे लुढ़का पारा..
X

MP Weather News

By Ashish Kumar Goswami

भोपाल। मध्य प्रदेश में मॉनसून ने विदाई ले ली है, लेकिन मौसम का मिजाज अभी भी बदलता नजर आ रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए हुए हैं और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हो रही है। मौसम विभाग की मानें तो दीपावली तक हल्की बारिश की संभावना बनी रह सकती है। इधर, प्रदेश में भोपाल, नर्मदापुरम और इंदौर संभाग के कई जिलों में अभी भी बारिश के आसार दिखाई दे रहे है।

इन जिलों में हल्की बारिश के आसार

प्रदेश के लगभग 24 जिलों में अब भी बारिश का असर देखा जा रहा है। इसमें भोपाल, रायसेन, राजगढ़, सीहोर, विदिशा, हरदा, बैतूल, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला और डिंडौरी जैसे कई जिलों के नाम शामिल हैं। इन जिलों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी के आसार हैं, जिससे किसानों को थोड़ी राहत मिल सकती है।

20 डिग्री से नीचे लुढ़का पारा

इसके आलावा बीते मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात खंडवा और नौगांव में सबसे कम 15.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। जबकि 17 शहरों में रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। खंडवा में दिन का सबसे अधिक तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

यहाँ बन रहा सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी अरब सागर और लक्षद्वीप क्षेत्र पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात सक्रिय है, जो 19 अक्टूबर तक कम दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है। इसके चलते हवाओं के साथ नमी आ सकती है, जिससे हल्के बादल छाये रह सकते है। इस वजह से रात के तापमान में गिरावट होने की भी संभावना है। दीपावली के बाद प्रदेशभर के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है, जिससे सुबह और रात के वक्त हल्की सर्द हवाएं चल सकती हैं और कोहरे का असर भी देखने को मिल सकता है।

दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी रेखा फिलहाल कारवार, कलबुर्गी, निज़ामाबाद, कांकेर, चांदबाली होते हुए पूर्व की ओर बढ़ रही है। समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय चक्रवातीय परिसंचरण दक्षिण की ओर झुका हुआ है, जिससे केरल-कर्नाटक तटों से दूर दक्षिण-पूर्वी अरब सागर और लक्षद्वीप क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।

दीपावली के बाद बढ़ेगा ठंड

इस पूरे मौसमीय घटनाक्रम का असर मध्य प्रदेश पर भी पड़ रहा है। वातावरण में नमी और पूर्वी हवाओं के चलते बादल छाए हुए हैं और रातें ठंडी होने लगी हैं। किसानों के लिए यह मौसम राहत लेकर आ सकता है, वहीं आमजन को भी दिन के समय सुहानी ठंडक का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिनों तक यही स्थिति बनी रहेगी और दीपावली के बाद ठंड का असर और बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे सुबह और रात के समय गर्म कपड़ों का इस्तेमाल शुरू कर दें।

Next Story