Begin typing your search above and press return to search.

युवा विधायक सम्मेलन: 3 राज्यों के 45 MLA मौजूद, CM ने कहा: जनता के बीच बने रहने के लिए विनम्रता जरुरी...

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में दो दिवसीय युवा विधायक सम्मेलन की सोमवार को शुरुआत हुई। सम्मेलन में मध्य प्रदेश के अलावा छत्तीसगढ़ व राजस्थान के 45 MLA मौजूद हैं।

युवा विधायक सम्मेलन: 3 राज्यों के 45 MLA मौजूद, CM ने कहा: जनता के बीच बने रहने के लिए विनम्रता जरुरी...
X

इमेज सोर्स- NPG News

By Radhakishan Sharma

भोपाल। 30 मार्च 2026| युवा विधायकों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा, जनता के बीच बने रहने के लिए विनम्रता बेहद जरुरी है। जिस निर्वाचन क्षेत्र की जनता ने आपको यह सम्मान और जिम्मेदारी दी है वहां की अच्छाई के साथ कमजोरी को भी समझें। राजनीति में मर्यादा और अनुशासन जरूरी है। आज के दौर में दुनिया हमारी तरफ देख रही है, भारत किस तरह 2047 के अमृत काल की तरफ बढ़ रहा है।

युवा विधायकों को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश के संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मंच पर बैठे नेताओं की तरफ इशारा करते हुए कहा, हम वो लोग हैं, जो कभी चुनाव नहीं हारे। कोई पांच बार, कोई तीन बार के विधायक हैं। मैं लगातार सात बार चुनाव जीतते आ रहा हूं। फिर उन्होंने कहा, लगातार चुनाव जीतने का कारण है, जनता अपनी समस्या का समाधान चाहती है। यह महत्वपूर्ण है, आपका कार्यालय और उसमें काम करने वाले लोग कैसे हैं। मैंने ऐसे कई उम्मीदवारों को जीतते देखा है, जिन्होंने एक चुनाव लड़ा और उसके बाद भूतपूर्व हो गए, ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि एक बार चुनाव जीतने के बाद उनकी कॉलर खड़ी हो जाती है।

मध्य प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने छात्र संघ चुनाव कराने की मांग रखी। उन्होंने कहा, हमारे यहां छात्र संघ चुनाव बंद हो गए। नेतृत्व की शुरुआत कॉलेज से होती है। कॉलेज के समय सिस्टम से लड़ने कीयुवाओं में आग होती है। लोकतंत्र की जड़ें तभी मजबूत होंगी, जब इस देश में डेमोक्रेसी मजबूत रहेगी।

राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा, संसदीय लोकतंत्र में जो कठिनाई आती हैं, उनसे नई परिस्थितियों का निर्माण होता है। विरोध तार्किक प्रक्रिया होनी चाहिए। हमारा प्रतिनिधित्व सार्थक सेवा की ओर बढ़े। हम सब मिलकर नागरिकों और विधायिका के बीच संवाद करें। हम पूरा समय सदन में बैठने का स्वभाव बनाएं। अनुभवी लोगों के भाषण सुनें।

युवाओं विधायकों का इस अंदाज में हुआ स्वागत सत्कार

युवा विधायकों का स्वागत पारंपरिक लोक नृत्य से किया गया। इसके बाद ग्रुप फोटो सेशन हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, राजस्थान के विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, मध्य प्रदेश के संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार मौजूद रहे।

दो दिवसीय सम्मेलन में होंगे पांच सत्र

दो दिन तक चलने वाले युवा विधायक सम्मेलन में कुल पांच सत्र होंगे। पहले दिन सोमवार को तीन सत्र होंगे। लोकतंत्र में नागरिकों की भागीदारी को मजबूत करने और विकसित भारत 2047 के विजन तक पहुंचने में युवा विधायकों की भूमिका जैसे विषयों पर चर्चा का दौर चल रहा है। मंगलवार 31 मार्च को सम्मेलन के दूसरे दिन ‘विकसित भारत 2047: युवा विधायकों के दायित्व एवं चुनौतियां’ विषय पर मंथन होगा। राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश समापन सत्र में शामिल होंगे। एमआईटी, पुणे के चेयरमैन डॉ. राहुल वी. कराड भी संबोधन देंगे।

युवा विधायकों को MP के CM की सीख

मुख्यमंत्री ने कहा- आप भाग्यशाली हैं कि इस उम्र में विधायक बनकर आ गए। जनता के बीच बने रहने के लिए विनम्रता को धारण करें। इतनी व्यस्तता होने के बाद भी मैं स्वाध्याय और व्यायाम के लिए समय रिजर्व रखता हूं। पहला सुख निरोगी काया है। अगर शरीर साथ न दे तो क्या होगा? अपने सारे कामों की चिंता करें, बगैर कोई तनाव पाले। बड़ी से बड़ी परेशानी आए तो शांति से उसका मार्ग निकालें। अगर राजनीति के क्षेत्र में आने के बाद हमारे परिवार पर गलत असर पड़ जाए, बच्चे गलत दिशा में चले जाएं तो ठीक नहीं है। इन सारी चीजों में मर्यादा की आवश्यकता है। अनुशासन के आधार पर हमें यह भी ध्यान रखना चाहिए कि पार्टी आपसे क्या अपेक्षा रखती है। पार्टी के साथ बुरे वक्त में बने रहें।

आज के दौर में दुनिया हमारी तरफ देख रही है। भारत 2047 के अमृत काल की तरफ बढ़ रहा है। 75 साल में अगल-बगल के देशों में देखो तो लोकतंत्र कहां बचा है? पाकिस्तान-अफगानिस्तान जहां आप देखेंगे, क्या हो रहा है?

आज भी दुनिया का कोई ऐसा देश नहीं, जो इतनी विविधता के बावजूद अनेकता में एकता जैसी भारत की विशेषता रखता हो। अंग्रेज जब देश छोड़कर जा रहे थे तो उन्होंने इतनी सारी रियासतों को फ्री कर दिया। उन्होंने सोचा था कि अफ्रीका और बाकी देशों जैसा भारत का हाल हो जाएगा। लेकिन उनके तमाम षड्यंत्रों के बावजूद हम एक हैं क्योंकि हमारे लोकतंत्र की जड़ों में मजबूती है। आज दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश के रूप में हमारी पहचान है। दूसरे देश के लोकतंत्र हमसे देखते-सीखते हैं।

छग से ये प्रमुख विधायक हैं शामिल

छत्तीसगढ़ से युवा विधायक सम्मेलन में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, भावना बोहरा, देवेंद्र यादव, हर्षिता स्वामी बघेल सहित अन्य विधायक हिस्सा ले रहे हैं। युवा विधायक सम्मेलन में छत्तीसगढ़ विधानसभा के सचिव दिनेश शर्मा व छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डाॅ रमन सिंह के सचिव विक्रम सिंह सिसोदिया विधायकों के साथ भोपाल गए हैं।

Radhakishan Sharma

राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।

Read MoreRead Less

Next Story