मंत्री जी के क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं का बुरा हाल! रिटायर्ड ड्रेसर कर रहा इलाज, ब्लॉक मेडिकल अधिकारी मौन
मध्यप्रदेश के दूरस्थ जिलों से चौंकाने वाली और स्वास्थ्य सेवा की पोल खोलने वाली खबर आ रही है। एक मंत्री के इलाके में स्वास्थ्य विभाग का रिटायर्ड ड्रेसर मरीजों का इलाज करने में जुटा हुआ है। इस आदिवासी इलाके के ग्रामीणों की जान खतरे में है।

इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News
अनूपपुर।15 मार्च 2026| मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में कोतमा विधानसभा क्षेत्र आदिवासी बहुल है। कोतमा में नगर पालिका है और स्वास्थ्य सुविधाएं होने का दावा किया जाता रहा है। इसके विपरीत जिले के आदिवासी ग्रामीण इलाकों का बुरा हाल है। वहां स्वास्थ्य सिस्टम बीमार है और जनता की जान खतरे में है। स्वास्थ्य विभाग ने झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ मुहिम चलाई थी, फिर भी कुछ लोग योग्यता न होते हुए भी इलाज को धंधा बना बैठे हैं।
मध्यप्रदेश के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिलीप जायसवाल का विधानसभा क्षेत्र के कोतमा। इसी कोतमा के दूरस्थ आदिवासी गांव निगवानी से गंभीर और चौंकाने वाली सूचना आयी है। स्वास्थ्य विभाग आंखें मूंद कर बैठा है और प्रशासनिक चूक भी कही जा सकती है, वहां पर एक रिटायर्ड ड्रेसर सार्वजनिक रूप से दवाखाना खोल कर बैठ गया है। बिना किसी रोक- टोक के वह बाकायदा आने वाले ग्रामीण मरीजों का इलाज कर रहा है, दवाएं तक लिख रहा है। जानकारी मिली है कि निगवानी बाजार के मुख्य मार्ग में कोठी रोड पर ही एक मेडिकल स्टोर है और उसी के नजदीक यह रिटायर्ड ड्रेसर दवाखाना खोल कर बैठ गया है। स्थानीय जानकार ग्रामीणों का आरोप है कि उसके पास कोई वैधानिक डॉक्टरी डिग्री नहीं है। उसके इलाज से कई ग्रामीण मरीजों की हालत बिगड़ चुकी है और दावा किया गया है कि कुछ की मौत तक हो चुकी है। कई मरीजों को वह गलत दवा दे देता है, जिसकी वजह से मरीज को सही वक्त पर इलाज नहीं मिल पाता। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके के जनप्रतिनिधियों को इसकी जानकारी और स्वास्थ्य विभाग तक शिकायत पहुंच चुकी है, फिर भी रिटायर्ड ड्रेसर पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
ब्लॉक मेडिकल अधिकारी मौन
ग्रामीणों के अनुसार विकास खंड चिकित्सा अधिकारी को इसकी जानकारी दी गई है, तो वह मौन साधे बैठे हुए हैं। उल्टे उन्होंने दबी जुबान से कह दिया है कि इस मामले में कार्रवाई नहीं की जा सकती। मीडिया में आयी जानकारी के अनुसार विकास खंड चिकित्सा अधिकारी कोतमा डॉ. केएल दीवान ने कहा है कि उस व्यक्ति पर राजनेताओं का संरक्षण है, इस कारण मेरे हाथ बंधे हुए हैं। मीडिया में आयी इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है कि डॉ. दीवान ने ऐसा कहा है अथवा नहीं। इससे ऊपर के स्वास्थ्य अधिकारियों की अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी है।
