MP HPV Vaccine Alert: मध्यप्रदेश में शुरू हुआ टीकाकरण अभियान, जानें कौन-कौन लगवा सकता है सर्वाइकल कैंसर का टीका

MP HPV Vaccine Alert: मध्यप्रदेश में शुरू हुआ टीकाकरण अभियान, जानें कौन-कौन लगवा सकता है सर्वाइकल कैंसर का टीका
X
मध्यप्रदेश में एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत। 14-15 वर्ष की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए मुफ्त टीका दिया जाएगा। जानिए पूरी जानकारी।

MP News : मध्यप्रदेश में बेटियों और किशोरियों को एक गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में बड़ी पहल शुरू हुई है। राज्य सरकार ने एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान का राज्यव्यापी शुभारंभ किया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश बेटियों को कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए ठोस कदम उठा रहा है, और यह अभियान उसी संकल्प का हिस्सा है।

क्यों खास है यह अभियान?

सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है। इसका मुख्य कारण ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) संक्रमण है। अच्छी बात यह है कि इस वायरस से बचाव के लिए सुरक्षित और प्रभावी टीका उपलब्ध है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने बड़े स्तर पर यह टीकाकरण अभियान शुरू किया है।

अभिभावक की सहमति क्यों जरूरी?

चूंकि यह टीकाकरण नाबालिग बालिकाओं को लगाया जा रहा है, इसलिए कानूनी और नैतिक दृष्टि से अभिभावक की सहमति अनिवार्य है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, किसी भी चिकित्सीय प्रक्रिया से पहले माता-पिता को पूरी जानकारी देना और उनकी अनुमति लेना आवश्यक होता है। इससे पारदर्शिता बनी रहती है और परिवार को टीके के लाभ, संभावित हल्के दुष्प्रभाव और प्रक्रिया की जानकारी मिलती है।


क्या है लक्ष्य?

  • लगभग 8 लाख किशोरियों को टीका लगाने का लक्ष्य.
  • केंद्र सरकार से 7 लाख 58 हजार 500 से अधिक डोज प्राप्त.
  • अभियान 3 महीने तक चलेगा.
  • बाजार में करीब ₹4000 का यह टीका सरकारी संस्थानों में निःशुल्क दिया जाएगा.

कौन लगवा सकता है टीका?

  • 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाएं.
  • अभियान शुरू होने के 90 दिनों के भीतर 15 वर्ष की होने वाली बालिकाएं भी पात्र.
  • अभिभावक की सहमति अनिवार्य.
  • टीकाकरण पूरी तरह स्वैच्छिक (Voluntary) है.

कैसे लगाया जाएगा टीका?

केवल एक ही डोज (0.5 ml) दी जाएगी.

इंजेक्शन मांसपेशी (इंट्रामस्कुलर) में लगाया जाएगा.

टीका लगने के बाद 30 मिनट तक निगरानी में रखा जाएगा.



आखिर क्या है HPV टीका?

HPV यानी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस एक आम वायरस है, जो त्वचा और शारीरिक संपर्क से फैल सकता है। इसके कुछ प्रकार सर्वाइकल कैंसर का कारण बनते हैं।

यह टीका क्या करता है?

शरीर में एंटीबॉडी बनाता है. वायरस के संक्रमण से पहले ही सुरक्षा प्रदान करता है. भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करता है.

विशेषज्ञों के अनुसार, कम उम्र में यह टीका ज्यादा प्रभावी होता है क्योंकि तब तक HPV संक्रमण की संभावना बहुत कम होती है। यह टीका विश्वभर में लाखों लड़कियों और महिलाओं को लगाया जा चुका है। सामान्यतः हल्का बुखार, दर्द या सूजन जैसे मामूली दुष्प्रभाव हो सकते हैं, जो कुछ समय में ठीक हो जाते हैं।





Tags

Next Story