मध्यप्रदेश विधानसभा: आज पेश होगा अनुपूरक बजट, सदन में फिर हंगामे के आसार, विपक्ष के सवालों से घिरेगी सरकार
MP Budget Session Day 2: Supplementary Budget Today, Discussion on Governor’s Address, Uproar Likely

मध्य प्रदेश विधानसभा (Madhya Pradesh Vidhan Sabha) के बजट सत्र का आज दूसरा दिन है। बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल मंगूभाई पटेल के अभिभाषण के दौरान विपक्ष के हंगामे के चलते कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी थी। आज सदन में तीसरा अनुपूरक बजट (Supplementary Budget) पेश किया जाएगा. वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा 2025–26 के तृतीय अनुपूरक अनुमान का उपस्थान करेंगे. इसके साथ ही कई विभागों से विधिक पत्र और समितियों के निर्वाचन प्रस्ताव भी सदन के समक्ष रखे जाएंगे.
माना जा रहा है की नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विभाग से जुड़ा पहला बड़ा सवाल कांग्रेस विधायक आतिफ अकील उठाएंगे। वे भोपाल में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाएंगे। शहर में बढ़ते हमलों और जन सुरक्षा को लेकर यह मुद्दा काफी संवेदनशील बना हुआ है। इस पर पूरे मध्यप्रदेश की नजर रहने वाली है.
जल संसाधन विभाग को लेकर वरिष्ठ भाजपा विधायक जयंत मलैया ने भी सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने दमोह जिले की अधूरी सिंचाई परियोजना पर जल संसाधन मंत्री से जवाब मांगा है। किसानों की सिंचाई संबंधी परेशानियों को लेकर यह मामला सदन में गूंज सकता है।
जगदीश देवड़ा सदन में अनुपूरक बजट पेश करेंगे
आज वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा सदन में अनुपूरक बजट पेश करेंगे। यह बजट फरवरी-मार्च के खर्चों को पूरा करने के लिए लाया जा रहा है, जिसकी राशि लगभग 10 से 15 हजार करोड़ रुपये के बीच रहने का अनुमान है। बजट सत्र 6 मार्च तक चलेगा और आगामी दिनों में वर्ष 2026-27 के मुख्य बजट पर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी।
आवारा कुत्तों की संख्या का मुद्दा प्रमुख रहेगा
आज के सत्र में नगरीय क्षेत्रों में बढ़ती आवारा कुत्तों की संख्या का मुद्दा प्रमुख रहेगा. भोपाल में स्ट्रीट डॉग की जनसंख्या बढ़ने पर विधायक आतिफ अकील और राजन मंडलोई ध्यानाकर्षण के जरिए नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से जवाब मांगेंगे.
मंत्री जगदीश देवड़ा, प्रहलाद पटेल, प्रद्युम्न सिंह तोमर, धर्मेंद्र सिंह लोधी, दिलीप अहिरवार अलग-अलग अधिनियमों से जुड़े पत्र सदन के पटल पर रखेंगे. इसके अतिरिक्त 19 याचिकाएँ भी प्रस्तुत की जाएंगी. वित्त मंत्री देवड़ा द्वारा लेखा-जोखा समिति, प्राक्कलन समिति, सरकारी उपक्रम समिति, स्थानीय निकाय संबंधी समिति और पंचायती राज लेखा समितियों के निर्वाचन के प्रस्ताव भी आज लाए जाएंगे.
