Mohan Cabinet Meeting Decision 2025: मोहन कैबिनेट की बैठक संपन्न; अब जनता सीधे अपना चुनेगी मेयर, पुरानी गाड़ियों पर लिया गया ये फैसला..
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि सरकार ने नगरीय निकाय चुनाव प्रणाली में संशोधन करते हुए अब अध्यक्ष का चुनाव सीधे जनता द्वारा किया जाएगा।

Mohan Cabinet Meeting Decision 2025 (NPG File Photo)
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज मंगलवार (9 सितंबर) को सीएम मोहन यादव की अध्यक्षता में एक बड़ी कैबिनेट बैठक हुई। इस बैठक में राज्य के लिए कई बड़े और ज़रूरी फैसले लिए गए। इन फैसलों की जानकारी नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दी।
जनता सीधे चुनेगी मेयर और अध्यक्ष
कैबिनेट का एक बहुत ही अहम फैसला ये रहा कि, अब नगर निगम के महापौर (मेयर) और नगर पालिका व नगर परिषद के अध्यक्षों को जनता सीधे चुनेगी। अभी तक इन पदों को पार्षद चुनते थे, लेकिन अब 2027 में होने वाले चुनावों से ये बदलाव लागू हो जाएगा। यानी, अब जनता को सीधे अपना नेता चुनने का मौका मिलेगा।
पुरानी गाड़ी स्क्रैप करने पर 50% की छूट
प्रदूषण कम करने के लिए सरकार ने एक और बड़ा ऐलान किया है। अगर कोई व्यक्ति अपनी पुरानी BS-1 और BS-2 कैटेगरी की गाड़ी स्क्रैप (ख़त्म) करवाता है, तो उसे नई गाड़ी खरीदने पर रोड टैक्स में 50% की छूट मिलेगी। इसके अलावा, जो संस्थाएं गाड़ियों को स्क्रैप करेंगी, उन्हें भी इंडस्ट्री (उद्योग) की तरह सारी सुविधाएँ दी जाएंगी। यह फैसला पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए लिया गया है।
सेवा पखवाड़ा और 'मां के नाम' अभियान
सरकार ने 17 सितंबर से 2 अक्टूबर, यानी गांधी जयंती तक सेवा पखवाड़ा मनाने का फैसला किया है। इस दौरान कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम किये जाएंगे, जिसमें 17 से 24 सितंबर तक रक्तदान और स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इसके आलावा 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान और 'मां की बगिया' के तहत पौधारोपण किया जाएगा। नए नमो पार्क, नमो बाग, नमो वन, नमो उपवन भी बनाए जाएंगे।
वही, 27 सितंबर को 'नमो मैराथन' का आयोजन किया जाएगा। इसके आलावा अन्य कार्यक्रमों में विकास मेले, प्रदर्शनी और विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगिताएं भी होंगी। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित एक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी का दौरा
कैबिनेट ने जीएसटी में राहत देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि, प्रधानमंत्री मोदी 17 सितंबर को धार में मित्र पार्क का उद्घाटन करने मध्य प्रदेश आएंगे। सरकार ने यह भी बताया कि, उनका मुख्य फोकस महिला सशक्तिकरण, स्वदेशी, पर्यावरण और स्वच्छता पर है। ये सारे फैसले मध्य प्रदेश के विकास और लोगों की भलाई के लिए उठाए गए हैं।
