इंदौर में दरिंदगी: छात्रा को ऑनलाइन बदनाम कर घर में घुसे दबंग, पूरे परिवार को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित भागीरथपुरा में सोशल मीडिया के दुरुपयोग और उसके बाद हुए हिंसक हमले का गंभीर मामला सामने आया है।

इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र के भागीरथपुरा में एक युवती को सोशल मीडिया के माध्यम से बदनाम करने और विरोध करने पर उसके परिवार पर हमले का गंभीर जुर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों ने पहले छात्रा की फर्जी इंस्टाग्राम प्रोफाइल बनाकर उसकी तस्वीरों और वीडियो से छेड़छाड़ की और उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित कर उसकी छवि खराब करने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट की। घटना के बाद पुलिस द्वारा केवल साधारण मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किए जाने पर भी सवाल उठ रहे हैं।
कब और कहाँ हुआ मामला
पीड़िता, जो बीकॉम प्रथम वर्ष की छात्रा है, ने शिकायत में बताया कि इलाके में रहने वाले धनंजय उर्फ याशू पंथी ने उसके भाई के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई। इस आईडी के जरिए उसकी एडिट की गई फोटो और वीडियो शेयर किए गए और उसे आपत्तिजनक तरीके से पेश किया गया। छात्रा का आरोप है कि उसे “कॉल गर्ल” बताकर बदनाम करने की कोशिश की गई।
जब परिवार ने इस हरकत का विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। पीड़िता के अनुसार, आरोपी गाली-गलौज करते हुए अपने साथियों के साथ उसके घर पहुंच गए। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य बाहर आए तो जेनेन्द्र उर्फ जेनू ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए माता-पिता और भाई को भी निशाना बनाया गया।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि राजेंद्र सिकरवार, धनंजय उर्फ याशू, सागर मलोरिया और रानी पंथी ने मिलकर पूरे परिवार के साथ मारपीट की और पुलिस में रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी दी। मामले ने क्षेत्र में तनाव का माहौल बना दिया है, जबकि पीड़ित पक्ष सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।
