Begin typing your search above and press return to search.

ससुराल से तंग आकर नवविवाहिता ने पिया तेजाब: दहेज में कर रहे थे 'मुर्रा भैंस' की मांग; पति समेत 5 पर FIR

ससुराल से तंग आकर नवविवाहिता ने पिया तेजाब: दहेज में कर रहे थे मुर्रा भैंस की मांग; पति समेत 5 पर FIR
X
By Ashish Kumar Goswami

भोपाल। मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहाँ दहेज प्रताड़ना से तंग आकर एक नवविवाहिता ने एसिड पीकर आत्महत्या कर ली है। मृतिका की पहचान विमलेश बघेल (21), निवासी आरोन डमौर के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में उसके पति, सास, ससुर, जेठ और जेठानी सहित पाँच लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, विमलेश की शादी 31 जनवरी 2024 को दिनेश बघेल से हुई थी। शादी के शुरुआती कुछ महीनों के बाद से ही उस पर मानसिक और शारीरिक रूप से अत्याचार होना शुरू हो गया था। उसके ससुराल वाले उसे दहेज में भैंस न देने से काफी नाराज़ थे। विमलेश के भाई महेंद्र बघेल के अनुसार, विमलेश के ससुराल वाले उससे दहेज में एक मुर्रा भैंस की मांग कर रहे थे, जिससे उनके डेयरी व्यवसाय को बढ़ावा मिल सके।

विमलेश ने इस बात को अपने मायके वालों को बताया था। जिसके बाद उसके भाई ने विमलेश के ससुराल वालों को समझाने की कोशिश की थी। जिसके बाद मामला कुछ दिनों तक तो मामला काफी शांत रहा, लेकिन कुछ दिनों बाद ही उसके ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। विमलेश के ससुराल वालों पर आरोप है कि, वे इस बात को लेकर रोज़ मारपीट करते थे।

पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर की रात विमलेश के साथ एक बार फिर मारपीट की गई थी, जिसके अगले दिन ससुराल वालों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जिसे वह सह नहीं पाई और उसने घर में रखा तेजाब पी लिया। घटना की जानकारी लगने पर विमलेश के परिवार वालों ने उसे नज़दीक के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया था, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि, मरने से पहले विमलेश ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद इस मामले को लेकर उसके भाई ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस मामले में पति दिनेश बघेल, ससुर इमरत बघेल, सास विद्या बाई, जेठ हरिसिंह और जेठानी भावना बघेल पर एफ़आईआर दर्ज की है। फ़िलहाल, सभी पाँचों आरोपी वर्तमान में फरार हैं, जिनकी पुलिस अभी तलाश कर रही है।

Next Story