डिंडौरी क्राइम: लिव-इन पार्टनर का किया कत्ल, फिर उसकी 14 साल की बेटी से की दरिंदगी, घर में ताला लगा भागे दरिंदे!
डिंडौरी के शहपुरा में लिव-इन में रह रही महिला की मौत और 14 वर्षीय बेटी से दुष्कर्म का आरोप। दो सगे भाई फरार, पुलिस ने हत्या और रेप का केस दर्ज कर जांच तेज की।

डिंडौरी। शहपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब लिव-इन संबंध में रह रही एक महिला का शव उसके साथी के घर से बरामद हुआ। महिला की 14 वर्षीय नाबालिग बेटी ने महिला के साथी और उसके भाई पर मारपीट, हत्या और दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद दोनों आरोपी घर में ताला लगाकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस को वार्ड क्रमांक 6 से फोन पर सूचना मिली कि एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। बताया गया कि वह पिछले चार माह से अपने साथी के साथ लिव-इन में रह रही थी। उसके साथ उसकी मानसिक रूप से कमजोर नाबालिग बेटी भी उसी घर में रहती थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घर बाहर से बंद मिला। ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया तो महिला का शव बरामद हुआ। पास में ही उसकी 14 वर्षीय बेटी मौजूद थी, जिसे तत्काल सुरक्षा में लिया गया।
नाबालिग ने लगाए गंभीर आरोप
एसडीओपी अजय तिवारी के अनुसार, बच्ची ने बयान में बताया कि आरोपी के छोटे भाई ने कुछ दिन पहले उसकी मां के साथ मारपीट की और धारदार हथियार से सिर पर वार किया था। बाद में बड़े भाई ने इलाज का दिखावा किया।
पीड़िता के मुताबिक, जब उसकी मां ने शिकायत दर्ज कराने की बात कही, तो दोनों भाइयों ने दोबारा मारपीट की, जिससे उसकी हालत बिगड़ी और मौत हो गई।
बच्ची ने यह भी आरोप लगाया कि मां की मौत के बाद बड़े भाई ने उसे धमकाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद दोनों भाई घर में ताला लगाकर फरार हो गए।
पुलिस कार्रवाई में जुटी
पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और दुष्कर्म की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
नाबालिग को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। मामले की जांच जारी है।
