Begin typing your search above and press return to search.

Nishatpura Murder Case: इंस्टाग्राम पर प्यार, भोपाल के समीर के लिए महाराष्ट्र से घर छोड़ आई सिया, 3 महीने बाद बक्से में मिला शव

Nishatpura Murder Case : भोपाल के निशातपुरा में इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद महाराष्ट्र से आई सिया की उसके शादीशुदा प्रेमी ने गला घोंटकर हत्या कर दी. आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए परिवार की मदद से शव को बक्से में भरकर घर के पास बने सेप्टिक टैंक में फेंक दिया था. पुलिस ने टैटू के जरिए मृतका की पहचान कर आरोपी के परिजनों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी फिलहाल फरार है.

Nishatpura Murder Case: इंस्टाग्राम पर प्यार, भोपाल के समीर के लिए महाराष्ट्र से घर छोड़ आई सिया, 3 महीने बाद बक्से में मिला शव
X

Nishatpura Murder Case: इंस्टाग्राम पर प्यार, भोपाल के समीर के लिए महाराष्ट्र से घर छोड़ आई सिया, 3 महीने बाद बक्से में मिला शव

By Uma Verma

Nishatpura Murder Case : भोपाल : मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के निशातपुरा इलाके से एक ऐसी दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, यहाँ एक खाली प्लॉट में बने सेप्टिक टैंक के अंदर से गुरुवार शाम एक 33 साल की महिला की लाश मिली. लाश एक लोहे के बक्से में बंद थी और पूरी तरह सड़ चुकी थी. पुलिस ने जब तहकीकात शुरू की, तो पता चला कि इस पूरी कहानी की शुरुआत इंस्टाग्राम से हुई थी, जिसका अंत मौत के साथ हुआ. मरने वाली महिला का नाम अशरफी उर्फ सिया था, जो मूल रूप से महाराष्ट्र के गोंदिया की रहने वाली थी.

धोखे और झगड़े की दास्तान

सिया की मुलाकात समीर नाम के शख्स से करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी. धीरे-धीरे दोनों में प्यार हो गया और सिया सब कुछ छोड़कर तीन महीने पहले भोपाल आ गई. उसे लगा था कि वह समीर के साथ अपनी नई जिंदगी बसाएगी, लेकिन यहाँ आते ही उसे पता चला कि समीर पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं. इसके बाद घर में बवाल मच गया. समीर की पत्नी और सिया के बीच रोज झगड़े होने लगे. पड़ोसियों का भी कहना है कि उस घर से अक्सर चिल्लाने की आवाजें आती थीं. विवाद इतना बढ़ा कि समीर की पत्नी घर छोड़कर अपने मायके जबलपुर चली गई.

शादी का दबाव और ब्लैकमेलिंग

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि सिया लगातार समीर पर शादी करने का दबाव बना रही थी. जब समीर नहीं माना, तो उसने कथित तौर पर 5 लाख रुपये मांगे और पुलिस में शिकायत करने की धमकी दे डाली. सोमवार की शाम को इसी बात पर दोनों के बीच फिर से बहस हुई. गुस्से में आकर समीर ने सिया का गला घोंट दिया. वारदात के बाद समीर ने अकेले नहीं, बल्कि अपने भाई, मां और बहन के साथ मिलकर सबूत मिटाने की प्लानिंग की. सबने मिलकर लाश को एक लोहे की पेटी में भरा और देर रात उसे पास के खाली प्लॉट में बने सेप्टिक टैंक में फेंक दिया.

बच्चों की वजह से खुला राज

इस खौफनाक वारदात का पता तब चला जब गुरुवार को टैंक के पास खेल रहे कुछ बच्चों को बहुत गंदी बदबू आई. घर वालों ने जब जाकर देखा, तो अंदर बक्सा तैर रहा था. पुलिस ने जब मौके पर पहुंचकर लाश निकाली, तो वह पहचान में नहीं आ रही थी, लेकिन सिया के हाथ पर बने दीपक नाम के टैटू और जन्मतिथि से उसकी शिनाख्त हो पाई. बताया जा रहा है कि सिया की पहले भी तीन बार शादियां हो चुकी थीं. फिलहाल पुलिस ने समीर की मां, भाई और बहन को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन कातिल प्रेमी समीर अभी भी फरार है. पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत की असली वजह और साफ हो सके.

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

सेप्टिक टैंक और बक्से में लाश छिपाने की यह पहली घटना नहीं हैं. इससे पहले साल 2021 में पश्चिम बंगाल के खड़गपुर से एक ऐसा ही मामला सामने आया था, जहाँ एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर उसकी लाश को घर के ही सेप्टिक टैंक में डाल दिया था. हत्यारा इतना शातिर था कि उसने टैंक के ऊपर पक्का निर्माण करवा दिया और पूरे 6 साल तक इस राज को दबाए रखा. आखिर में जब घर के नवीनीकरण का काम शुरू हुआ और टैंक की सफाई हुई, तब जाकर कंकाल मिला और इस वारदात का पर्दाफाश हुआ.

इसी तरह की एक सनसनीखेज घटना हरियाणा के फरीदाबाद में भी हुई थी, जहाँ एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर उसके शव को बक्से में बंद किया और फिर उसे सीवर के गड्ढे में फेंक दिया था. भोपाल की यह ताजा घटना इन्हीं पुरानी और घिनौनी आपराधिक साजिशों की याद दिलाती है.

Uma Verma

Uma Verma is a postgraduate media professional holding MA, PGDCA, and MSc IT degrees from PTRSU. She has gained newsroom experience with prominent media organizations including Dabang Duniya Press, Channel India, Jandhara, and Asian News. Currently she is working with NPG News as acontent writer.

Read MoreRead Less

Next Story