…एक्सीडेंट से शुरू हुई थी लव स्टोरी : छत्तीसगढ़ की ये बेटी केरल में BJP से लड़ रही है चुनाव …. CISF जवान की जान बचाने में हाथ गंवाने वाली लड़की बाद में उसी कांस्टेबल की बनी थी पत्नी… ये है लव स्टोरी से राजनीति तक पहुंचने की पूरी कहानी

रायपुर 7 दिसंबर 2020। छत्तीसगढ़ की एक बेटी केरल में चुनाव लड़ रही है। अब से करीब 10 साल पहले छत्तीसगढ़ की ज्योति ने अपने राज्य में एक एक्सीडेंट के दौरान केरल निवासी सीआईएसएफ जवान विकास की जान बचाई थी। इस दौरान उसे जवान से प्यार हो गया और बात दोनों की शादी तक पहुंच गई। अब 30 साल की ज्योति 10 दिसंबर को होने वाले निकाय चुनाव में अपनी किस्मत आजमायेगी। बीजेपी ने ज्योति को केरल के पलक्कड़ जिले के कलनगोड ब्लाक पंचायत से टिकट दिया है।
घटना 3 जनवरी 2010 की थी, दंतेवाड़ा के बचेली की रहने वाली ज्योति तब नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। ज्योति उस दिन बस से कॉलेज हास्टल से अपनी दोस्त से मिलने जा रही थी। उसी बस में एक CISF कांस्टेबल पीवी विकास भी अपने कैंप जा रहे थे। सफर के दौरान जब विकास नींद में थे, इसी दौरान बस की तरफ से एक ट्रक बेहद तेजी के साथ बढ़ रहा था। तभी ज्योति ने सीआईएसएफ जवान को खींचकर उसकी जांन बचायी, लेकिन इसी दौरान ज्योति का एक हाथ ट्रक की चपेट में आ गया, जिसकी वजह से एक हाथ ज्योति का काटना पड़ गया।
ज्योति बताती है कि विकास ने ही उसे अस्पताल पहुंचाया और इलाज का पूरा खर्च भी उठाया। हादसे में हाथ गंवाने वाली ज्योति से जब उस दौरान पूछा गया था कि एक अनजान को बचाने केलिए आपने अपना हाथ गंवा दिया, तो उसका जवाब था कि वो नर्सिंग की स्टूडेंट और वो इस तरह से किसी की जान जाते नहीं देख सकती थी। इधर विकास को जब ये मालूम हुआ कि उसकी वजह से ज्योति की एक हाथ चली गयी है तो उसने उससे शादी कर नयी जिंदगी दी।
अब ज्योति केरल में रहती है। हालांकि तब ज्योति के पिता इस शादी के खिलाफ थे, लेकिन अब सब कुछ ठीक है। ज्योति बेहद तेज तर्रार है और हिंदी, गोंडी के साथ-साथ मलयालम भी बहुत अच्छा बोलती है। ज्योति बताती है कि वो पहले नर्स बनकर सेवा करना चाहती थी, लेकिन अब वो राजनीति में रहकर लोगों की सेवा करना चाहती है।
