रायपुर की लेडी IPS पर खुदकुशी मामले में लगा आरोप…..महिला की शिकायत पर युवक पर हुई थी कार्रवाई, आज लगा ली युवक ने फांसी…आरोपों पर NPG से बोली IPS रत्ना सिंह….

रायपुर 2 दिसंबर 2020। IPS रत्ना सिंह प्रताड़ना का आरोप लगाकर एक छात्र ने खुदकुशी कर ली है। परिजनों ने अब इस मामले में आईपीएस पर कई गंभीर आरोप लगा रहे हैं। घटना पुरानी बस्ती इलाके की है। ट्रेनी IPS रत्ना सिंह अभी पुरानी बस्ती थाना प्रभारी हैं। मृत छात्र कानाम धर्मेंद्र आदिले हैं। एक महिला ने धर्मेंद्र पर फोन कर परेशान करने और फेसबुक हैक कर फोटो इधर-उधर भेजने का गंभीर आरोप लगाया था।
अपने पति के साथ शिकायत करने महिला का आरोप है कि धर्मेंद्र उसे बराबर परेशान करता है। उसने उसकी फेसबुक आईडी भी हैक कर ली थी और सारे फोटो भी रख लिये थे। आरोप ये भी था कि धर्मेंद्र लगातार फोटो को महिला के परिजनों को भेज रहा था। इस मामले में फोन पर लगातार परेशान करने के बाद महिला ने जब फोन नंबर बंद कर दिया तो दूसरे परिजनों को फोन कर युवक परेशान करने लगा। महिला ने थाने में शिकायत के दौरान फोन नंबर भी धर्मेंद्र का दिय़ा था।
पुलिस को मिली इस शिकायत के बाद युवक के खिलाफ कल धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गयी थी। आज सुबह युवक ने अपने घर में फांसी लगा ली। परिजनों का आरोप है कि थाने में उसे प्रताड़ित किया गया, जिसकी वजह से वो डिप्रेशन में चला गया। इस मामले में NPG ने IPS रत्ना सिंह से इस संदर्भ में बात की तो उन्होंने कहा कि…..
“थाने में युवक पर किसी तरह की कोई प्रताड़ना नहीं हुई है, थाने में उसके व्यवहार में डिप्रेशन में आने जैसी कोई बात नहीं लगी, मैं मानती हूं कि उस परिवार का दुख काफी ज्यादा है, वो आरोप लगा रहे हैं तो क्या कहा जा सकता है, लेकिन थाने का सीसीटीवी चालू था, अगर प्रताड़ना होती तो वीडियो में आया होगा, इसके अलावे पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रताड़ना जैसी कोई बात होगी तो रिपोर्ट आयेगी, मैं हैरान हूं कि उस युवक ने खुदकुशी की, लेकिन पुलिस ने सिर्फ और सिर्फ नियम के मुताबिक कार्रवाई की है। महिला की शिकायत के आधार पर 151 के तहत कार्रवाई की गयी थी। थाने में जब तक वो रहा नार्मल था, लेकिन अचानक घर जाकर उसके दिमाग में क्या ऐसी बात आयी ये समझ से परे हैं”
