नईदिल्ली 18 जनवरी 2020. भारत ने राजकोट में खेले गए सीरीज के दूसरे वन-डे में ऑस्ट्रेलियाई टीम को 36 रन से हरा से दिया। इस मुकाबले में टीम इंडिया के स्पिनर कुलदीप यादव ने अपने वन-डे करियर का 100वां विकेट लेकर कीर्तिमान स्थापित कर दिया। कुलदीप स्पिनर के तौर पर वन-डे में सबसे तेज 100 विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। कुलदीप ने राजकोट के मैदान पर दो विकेट चटकाए। उन्होंने स्पिन गेंदबाज के तौर पर सबसे तेज एकदिवसीय 100 विकेट चटकाने के मामले में दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर शेन वॉर्न को पीछे छोड़ दिया।
कुलदीप ने अपने वन-डे करियर के 58वें मुकाबले में 100 विकेट चटकाकर सबसे तेज 100 विकेट लेने के मामले में शेन वॉर्न को पछाड़ दिया। वॉर्न ने अपने एकदिवसीय करियर के 60वें मुकाबले में ये मुकाम हासिल किया था। कुलदीप यादव इस मामले में दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज इमरान ताहिर के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर आ गए हैं। स्पिनर के तौर पर वन-डे में सबसे तेज 100 विकेट लेने का रिकॉर्ड अफगानिस्तान के राशिद खान के नाम है। उन्होंने 44 वन-डे मैचों में ही ये उपलब्धि हासिल की है।
भारत की ओर से एकदिवसीय में सबसे तेज 100 विकेट लेने के मामले में कुलदीप तीसरे गेंदबाज बने हैं। अपने 58वें वन-डे मैच में उन्होंने ये रिकॉर्ड अपने नाम किया है। वन-डे में सबसे तेज 100 विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज मोहम्मद शमी हैं। शमी ने 56 मैचों में ही ये मुकाम हासिल किया था। वहीं, दूसरे नंबर पर जसप्रीत बुमराह हैं। बुमराह ने 57 वन-डे मैच में 100 विकेट चटकाए थे।
मैच | गेंदबाज | देश |
44 वन-डे | राशिद खान | अफगानिस्तान |
53 वन-डे | सकलैन मुश्ताक | पाकिस्तान |
58 वन-डे | इमरान ताहिर और कुलदीप यादव | दक्षिण अफ्रीका-भारत |
60 वन-डे | शेन वॉर्न | ऑस्ट्रेलिया |
63 वन-डे | अजंता मेंडिस | श्रीलंका |